फोटो-2- शिवरामपुर पुलिस चौकी परिसर में धरने पर बैठे सपा के पूर्व विधायक वीर सिंह। संवाद
- फोटो : CHITRAKUTT
चित्रकूट/शिवरामपुर। पंचायत चुनाव के दौरान बगलई गांव के कुछ लोगों को पुलिस ने पकड़ लिया। इसकी जानकारी होने पर सपा के पूर्व विधायक वीर सिंह पटेल समर्थकों के साथ शिवरामपुर चौकी पहुंचे। सभी को छोड़ने की मांग की पर पुलिस ने किसी को नहीं छोड़ा। इससे नाराज होकर पूर्व विधायक चौकी परिसर में ही धरने पर बैठ गए। देर रात में पुलिस टीम ने पूर्व विधायक को समझाकर ग्रामीणों को छोड़ने की बात कही। तब जाकर धरना खत्म कर दिया। बताते चलें कि 19 अप्रैल यानी सोमवार को बगलई गांव में दो पक्षों के बीच कहासुनी की सूचना पर शिवरामपुर पुलिस चौकी की टीम पहुंची थी।
चौकी प्रभारी अजय जायसवाल ने बताया कि कुछ लोगों के बीच कहासुनी के बाद दो पक्षों के बीच मारपीट हुई थी। घटना के बाद 9 लोगों को पुलिस पकड़कर चौकी लाई थी। यह जानकारी सपा के पूर्व विधायक वीर सिंह को गांव पहुंचने पर हुई। ग्रामीणों ने बताया कि जिन ग्रामीणों को पुलिस ने पकड़ा है वह सभी सपा के कार्यकर्ता हैं।
पूर्व विधायक के धरने पर बैठने की जानकारी होते ही पुलिस अधिकारी सतर्क हो गए। चौकी प्रभारी ने मौके पर जाकर पूर्व विधायक को समझाकर धरना खत्म करा दिया। इस संबंध में कोतवाल वीरेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि दो पक्षों के बीच मारपीट हुई है। उसमें नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।