प्रदर्शन करते गौशाला के ग्रामीण
- फोटो : अमर उजाला
जलस्तर गिरने के साथ बढ़ते पेयजल संकट और राशन सामग्री न मिलने की शिकायत लेकर बुधवार गौशाला के ग्रामीण सदर एसडीएम कार्यालय पहुंचे। ग्रामीणों ने कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। इसके बाद एसडीएम को ज्ञापन देकर समस्या का समाधान कराए जाने की मांग की। कहा अगर उनकी समस्या की ओर ध्यान नहीं दिया गया तो गांव की स्थिति और खराब हो सकती है।
रसिन गांव के मजरा गौशाला के रामजी, संतोष कुमार, बाबूलाल, लल्ली प्रसाद, कुसुमा, कल्ली, रानीदेवी, शिवा देवी, पियरिया व चुन्नी आदि ने बताया कि उनके मजरे में पेयजल संकट बढ़ता जा रहा है। एक साल पहले कुएं के पानी से पेयजल और घरेलू काम होते थे, लेकिन इस साल कुआं पूरी तरह सूख गया है। मजरे में लगे दो हैंडपंप रिबोर की स्थिति में हैं। जिससे पानी के लिए भटकना पड़ता है। इसके अलावा राशन सामग्री भी कोटेदार समय से नहीं देता है।
सूखे के इस दौर में राशन सामग्री न मिलने से तमाम परिवार खाद्य सामग्री के लिए भी परेशान हैं। ग्रामीणों की शिकायत के बाद सदर एसडीएम रजनीश मिश्रा ने समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।