अमर उजाला ब्यूरो
चित्रकूट। बिजली विभाग की एक रिटायर्ड महिला कर्मचारी के आठ लाख कीमत के जेवर लेकर टप्पेबाज फरार हो गए। बृहस्पतिवार सुबह 11 बजे एक बैंक शाखा के पास हुई घटना से हड़कंप मच गया। बैंक के लाकर से महिला जेवरात निकालने के बाद घर पैदल जा रही थी। महिला ने चित्रकूट सदर कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस बैंक के पास लगे सीसीटीवी की फुटेज से टप्पेबाजों की तलाश कर रही है।
सदर कोतवाली के शंकर बाजार निवासी विमला देवी पत्नी अवध प्रकाश पांडेय ने बताया कि वह इलाहाबाद रोड स्थित इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक की शाखा के अपने लॉकर से सोने का एक हार, सोने के चार कंगन और 15 हजार रुपये बैग में रखकर बैंक के बाहर निकली। बैंक की सीढ़ी पर तीन युवकों ने धक्कामुक्की की, पर वह कुछ समझ नहीं पाई। घर पहुंचने पर देखा तो बैग का बटन खुला था और जेवरातों का डिब्बा गायब था। इसके बाद फिर बैंक पहुंचीं और जानकारी की। पता न चलने पर सदर कोतवाली पहुंची। विमला ने बताया कि रक्षाबंधन पर उसकी बहू आकांक्षा व पुत्र आनंद बाहर से आ रहे हैं। जेवरात बहू के लिए लॉकर से निकाले थे। उसको अंदेशा है कि बैंक के अंदर या बाहर जेवरातों का डिब्बा बैग से निकाल लिया गया।
बताया कि गायब जेवरातों की कीमत करीब आठ लाख रुपये है। सूचना पर सदर कोतवाल अनिल सिंह पुलिस बल के साथ बैंक पहुंचे और सीसीटीवी के फुटेज देख लोगाें से जानकारी ली। इसके बाद बैंक के आसपास दुकानों में लगे सीसीटीवी फुटेज भी देखे। बैंक में लगे कैमरे से सिर्फ बैंक के अंदर का ही फुटेज दिखा था। कोतवाल ने बताया कि महिला के ज्यादातर जेवरात बैग में ही मिले हैं। एक डिबिया जरूर गायब बताई जा रही है। बैग में नगदी भी सुरक्षित है। बताया कि पूरे मामले की जांच करने से ही सही जानकारी हो सकेगी। टप्पेबाजों को पकड़ने के प्रयास किए जा रहें हैं।