टूटी कपलिंग दो हिस्से में बटी मालगाड़ी
अमर उजाला ब्यूरो
चित्रकूट। बुधवार की शाम सतना से इलाहाबाद की ओर जा रही मालगाड़ी अचानक दो हिस्से में बंट गई। मारकुंडी रेलवे स्टेशन के पास हुई घटना को स्थानीय लोगों ने देखकर स्टेशन पर सूचना दी। जानकारी होते ही गार्ड ने वाकीटाकी से बातचीत कर आगे जा रही एक हिस्से की ट्रेन को रूकवाया। लगभग दो घंटे बाद टूटी कपलिंग को बनाकर ट्रेन आगे रवाना की गई।
मारकुंडी रेलवे स्टेशन के पास से शाम लगभग 5 बजे सतना मप्र की ओर से इलाहाबाद की ओर जा रही सीमेंट व कंक्रीट लदी मालगाड़ी की कपलिंग टूट गई। जिससे गार्ड की ओर के पांच डिब्बे पीछे रह गए। बाकी ट्रेन मारकुंडी स्टेशन पार कर गई। स्टेशन के आसपास मौजूद लोगों ने पीछे पांच डिब्बे छूटे देख स्टेशन मास्टर घनश्याम मिश्रा को जानकारी दी। उधर गार्ड को इसकी जानकारी हुई तो उसने वाकीटाकी से चालक से संपर्क कर ट्रेन को रूकवा लिया।
इधर सूचना मिलते ही तकनीकी विशेषज्ञ मानिकपुर से मारकुंडी स्टेशन पहुंचे। दो हिस्से में बटी ट्रेन की टूटी कपलिंग को जोड़ दिया। दो घंटे बाद शाम सात बजे मालगाड़ी इलाहाबाद की ओर रवाना हुई। स्थानीय लोगों ने कहा कि यदि यह घटना अंधेरे में या जंगल के क्षेत्र में होती तो शायद इतनी जल्दी चालक गार्ड को इसकी जानकारी न हो पाती।