मऊ(चित्रकूट)। जिले के गेहूं खरीद केंद्रों में किसानों से बड़ी मुश्किल से गेहूं खरीद तो लिया गया लेकिन अब भुगतान के नाम पर किसान चक्कर लगा रहे हैं। कई किसानों ने बताया कि भुगतान मांगने पर खरीद केंद्र प्रभारी यहां तक धमकी दे रहे हैं कि अपना गेहूं उठा ले जाओ गोदाम में रखा है। मामले को लेकर पीड़ित किसानों ने उच्चाधिकारियों से भुगतान कराने की गुहार लगाई है।
तहसील क्षेत्र के खपटिहा गांव निवासी किसान चंद्रशेखर द्विवेदी ने मऊ एसडीएम को लिखे पत्र में बताया कि उसने खपटिहा सोसायटी के गेहूं खरीद केंद्र पर 14 जून को लगभग 26 क्विंटल गेहूं बेचा था। जिसका अभी तक भुगतान नहीं मिला है। जबकि गेहूं खरीद के दौरान खरीद केंद्र के प्रभारी ने कहा था कि दूसरे दिन ही उनके खाते में भुगतान जमा हो जाएगा। लगभग 15 दिन बाद भी भुगतान न आने पर कई बार प्रभारी के पास जाकर रुपयों का इंतजाम कराने को कहा तो हर बार उससे यही कहा जाता है कि ज्यादा दिमाग मत खाओ तुम्हारा गेहूं रखा है जाओ इसे उठा ले जाओ। जब ऊपर से भुगतान आएगा तो खाते में पहुंचेगा।
इस संबध में एसडीएम नवदीप शुक्ल ने बताया कि मामले में संबधित विभाग के अधिकारी से जानकारी ली जा रही है।