चित्रकूट। जिले के प्रभारी मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में जनपद में किए जा रहे कोविड के रोकथाम एवं बचाव कार्य की समीक्षा की। कहाकि कोरोना कर्फ्यू की आड़ में किसी व्यापारी का उत्पीड़न न किया जाए। स्वास्थ्य विभाग लगातार कोविड से लड़ाई में अच्छा काम कर रहा है। हर विभाग के अधिकारी उनका सहयोग करें।
बैठक में जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने बताया कि अब नए केस घट रहे है, टेस्टिंग के कार्य को बढ़ाया गया है। प्रभारी मंत्री ने बचाव कार्यों की सराहना की। सांसद आर के सिंह पटेल ने कहा कि गांव में जो निगरानी समितियां गठित की गई है, उन्हें सक्रिय किया जाए। मानिकपुर विधायक आनंद शुक्ला ने कहा कि जो अनाज वितरण में पर्यवेक्षण अधिकारी लगाए गए हैं, वह भी जागरुकता फैलाएं।
बैठक में भाजपा के जिलाध्यक्ष चंद्र प्रकाश खरे, सीडीओ अमित आसेरी, अपर जिलाधिकारी जी पी सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र कुमार राय, सीएमए डा.विनोद कुमार यादव, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा.आर के गुप्ता, सांसद प्रतिनिधि शक्ति प्रताप सिंह तोमर, भारतीय जनता पार्टी के पंकज अग्रवाल, महामंत्री अश्वनी कुमार अवस्थी, प्रकाश चंद्र केशरवानी, सरयू केशरवानी आदि मौजूद रहे।
कोविड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का निरीक्षण
जिले के प्रभारी मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने कलक्ट्रेट परिसर में स्थापित इंटीग्रेटेड कोविड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का बुधवार को निरीक्षण किया। सभी व्यवस्थाएं देखीं। होम आइसोलेशन के बारे में जानकारी ली। अगर उन्हें कोई समस्या है, तो तत्काल उसका निस्तारण कराया जाए। निरीक्षण के दौरान कंट्रोल रूम के प्रभारी जिला कृषि अधिकारी बसंत कुमार दुबे, नायब तहसीलदार रामानंद मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। इसके साथ ही जिला अस्पताल में व्यवस्थाओं का जायजा लिया।