स्वास्थ्य मेले में दवाओं की जानकारी लेते डीएम शेषमणि पांडेय व मौजूद सीएमओ डा. विनोद कुमार।
- फोटो : CHITRAKUTT
चित्रकूट। सांसद आरके सिंह पटेल ने मुख्यालय के शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और जिलाधिकारी शेषमणि पांडेय ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सीतापुर में मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों से कहा कि दवाओं की कमी नहीं है, मरीजों के इलाज में लापरवाही न की जाए।
रविवार को सांसद ने कहा कि स्वास्थ्य मेले के आयोजन का मकसद है कि ज्यादा से ज्यादा लोग स्वास्थ्य लाभ लें। हर रविवार को यह आयोजित किया जाएगा। मेले के माध्यम से जन-जन तक स्वास्थ्य सुविधाओं की बात पहुंचानी है। केंद्र व प्रदेश सरकार ने लगातार स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता दिखाई है। अस्पतालों में भी बेहतर इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। डीएम ने कहा कि शासन के निर्देशों के तहत जनपद के 28 केंद्रों में मेले का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने जिला कार्यक्रम अधिकारी बाल विकास मनोज कुमार को निर्देश दिए कि सुपरवाइजर और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को लगाकर अति कुपोषित बच्चों, गर्भवती महिलाओं व धात्री महिलाओं को अधिक से अधिक जन आरोग्य स्वास्थ्य मेला का लाभ दें। डीएम ने सीएमओ डॉ. विनोद कुमार से कहा कि सभी जगह दवाओं की उपलब्धता बनी रहे। चिकित्सक व स्टाफ समय से उपस्थित होकर लोगों को लाभान्वित कराएं।
डीएम ने रजिस्ट्रेशन, चिकित्सकों की व्यवस्था, कोविड हेल्प डेस्क, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व आयुर्वेद विभाग द्वारा लगाए गए स्टाल का निरीक्षण कर दवाओं की उपलब्धता की जानकारी की। इस दौरान मेला प्रभारी डॉ. इम्तियाज अहमद, डीपीओ मनोज कुमार, डीपीएम आरके करवरिया, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र समन्वयक रूपनारायण यादव, एसीएमओ डॉ. आरके चौरिहा, डीसीएमओ डॉ. रामलखन गर्ग, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. एनके कुरेचिया, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. शैलेंद्र गौरव, बाल विकास परियोजना अधिकारी शहर बच्चू लाल गुप्ता व जिला कार्यक्रम समन्वयक ज्ञान चंद शुक्ला मौजूद रहे।