खोही (चित्रकूट) में गुरु पूर्णिमा व सोमवती अमावस्या पर श्रद्धालुओं के धर्मनगरी आने पर प्रतिबंध रहेगा। इसके लिए प्रशासनिक अधिकारियों ने रामघाट के पास साधु-संतों व होटल मालिकों के साथ की बैठक की। इसमें निर्देश दिए कि आश्रम व होटल में ठहरने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। श्रद्धालु सावन में भी घर से ही पूजा-पाठ करें।
पांच जुलाई को गुरु पूर्णिमा के बाद सोमवती अमावस्या है। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभवना जताई जा रही है। इसको देखते हुए जिले की सीमा में मप्र के रामघाट के पास प्रशासनिक अधिकारियों ने साधु संतों के साथ बैठक की। इसमें एसडीएम हेम करण धुर्वे ने कहा कि किसी को आश्रम में न आने दें।
इस मौके पर महंत दिव्य जीवन दास, महंत सुदर्शनदास, महंत राजकुमार दास व महंत सीतशरण व कामदगिरी प्रमुख ने के संत मदनदास सहित नायब तहसीलदार ऋषि नारायण सिंह, नगर पंचायत अधिकारी रमाकांत शुक्ला एसआई भूपेंद्र सिंह राजपूत आदि मौजूद रहे। गौरतलब है कि यूपी क्षेत्र के सभी मंदिर व मठ के महंतों ने पहले ही डीएम के साथ बैठक कर श्रद्धालुओं के आने पर रोक लगाने की मंजूरी दी है।