ग्राम्य विकास विभाग के विशेष सचिव/नोडल अधिकारी अच्छेलाल सिंह यादव व जिलाधिकारी शेषमणि पांडेय की मौजूदगी में शनिवार को कलक्ट्रेट सभागार में कोरोना वायरस के रोकथाम एवं बचाव से संबंधित बैठक हुई। इसमें क्वारंटीन सेंटरों में सुविधाओं को बनाए रखने के कड़े निर्देश दिए गए। खासकर पानी व भोजन पर ध्यान देने को कहा गया है।
बैठक में नोडल अधिकारी ने उप जिलाधिकारियों से कहा कि जो बाहर से प्रवासी आ रहे हैं, उनका डाटा फीड किया जाए। उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी से कहा कि क्वारंटीन सेंटर आईटीआई भांगा शिवरामपुर में जो हैंडपंप खराब है, उसे तत्काल ठीक करा दें।
डीएम ने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो नदी, नाले, तालाब विलुप्त हो चुके हैं, उन्हें चिन्हित किया जाए। बीडीओ कारण सहित उसकी भी सूची बनाएं। कहा कि हॉटस्पॉट वाले गांवों में कोई समस्या नहीं होना चाहिए।
बरद्वारा तथा कलवारा में पेयजल समस्या तत्काल ठीक करा दिया जाए। शेल्टर होम में सिक्योरिटी गार्ड भी रखने की व्यवस्था करें। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ महेंद्र कुमार, अपर जिलाधिकारी जीपी सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक बलवंत चौधरी, उप जिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।