चित्रकूट। दीपावली पर्व पर लगने वाले पांच दिवसीय दीपदान मेले की शुरुआत धनतेरस से हो गई। पहले ही दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु धर्मनगरी पहुंचे और मंदाकिनी नदी में स्नान कर रामघाट सहित विभिन्न तीर्थ स्थलों पर दीपदान किया। श्रद्धालुओं ने भगवान कामदनाथ के दर्शन कर कामदगिरि की परिक्रमा लगाई। मेले के पहले दिन लगभग पांच लाख श्रद्धालु पहुंचे। पूरे क्षेत्र में भक्तिभाव और उत्साह का माहौल रहा।
रामघाट, जानकीकुंड, स्फटिक शिला और सती अनुसूइया आश्रम में दीपों की जगमगाहट रही। महाराष्ट्र, राजस्थान, गुजरात, दिल्ली आदि से श्रद्धालु चित्रकूट पहुंचे और जय श्रीराम के उद्घोष के साथ परिक्रमा की।
डीएम शिवशरणप्पा, एडीएम अरुण कुमार सिंह और एसपी हंसराज सिंह ने मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। पूरे क्षेत्र में मजिस्ट्रेट, पुलिस अधिकारी और जवान तैनात हैं।