07 सीकेटीपी-16- अस्पताल में निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त। संवाद
चित्रकूट। जिला अस्पताल में साफ सफाई व व्यवस्थाओं में लगातार सामने आ रही खामियों को लेकर शनिवार को मंडलायुक्त अजीत कुमार ने अचानक अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल परिसर व वार्डों में गंदगी देख मंडलायुक्त नाराज हो गए और तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
वह दोपहर करीब 12:15 बजे जिला अस्पताल पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने पर्चा काउंटर पर लगी मरीजों की लाइन का जायजा लिया और पर्चा वितरण में तेजी लाने के साथ कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने इमरजेंसी वार्ड का निरीक्षण किया और वहां रखे ऑक्सीजन सिलिंडरों की स्थिति की जानकारी लेते हुए उन्हें व्यवस्थित ढंग से रखने के लिए कहा। वहीं महिला व पुरुष भर्ती वार्डों का भी निरीक्षण किया। महिला वार्ड व बाथरूम में गंदगी देख वे भड़क उठे और सीएमएस और सीएमओ से जवाब तलब किया। पुरुष वार्ड में भी साफ-सफाई को लेकर नाराजगी जताई।
उन्होंने एनआरसी वार्ड, अल्ट्रासाउंड कक्ष, एक्सरे कक्ष एवं आयुष्मान वार्ड का भी जायजा लिया। साथ ही आयुष्मान कार्ड से संबंधित व्यवस्थाओं की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अस्पताल में साफ-सफाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही अनावश्यक रूप से मरीजों को रेफर करने पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि मरीजों के साथ किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।