अमर उजाला ब्यूरो
चित्रकूट/मऊ। यमुना नदी से बालू चोरी करने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन की छापेमारी से हड़कंप मच गया। टीम के सामने असलहे लहराते हुए अवैध ढुलान करने वाले नाव समेत भाग निकले। प्रयागराज निवासी बालू पट्टाधारक समेत 36 लोगों के खिलाफ मऊ थाने में असलहों के बल पर खजिन संपदा चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। जिसमें कौशांबी जनपद निवासी नाविक व मजदूर भी हैं।
जिले के मऊ तहसील मुख्यालय से सटे परदवां, पाली व बेनीपुर गांव के यमुना नदी किनारे से अवैध बालू ढुलान की लगातार शिकायत के बाद रविवार तड़के जिलाधिकारी विशाख जी अय्यर के निर्देश पर जिला खनिज अधिकारी मिथलेश कुमार पांडेय ने मऊ थानाप्रभारी श्यामप्रताप व स्थानीय पुलिस टीम के साथ छापेमारी की। छापा पड़ते ही मऊ क्षेत्र में नाव पर बालू ढुलान करने वालों में हड़कंप मच गया। सभी नाव यमुना नदी की बीच धारा में ले जाकर कौशांबी जनपद की सीमा क्षेत्र में पहुंच गए। जिला खनिज अधिकारी पुलिस टीम के साथ स्टीमर से इन नाव वालों का पीछा किया लेकिन कोई हाथ नहीं आया।
जिला खनिज अधिकारी पांडेय ने मऊ थाने में कौशांबी के पट्टाधारक विनय निषाद निवासी प्रयागराज समेत 36 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिसमें कौशांबी केवटनपुरवा निवासी असलम, सलीम, अशोक, राम, संदीप, दरोगा, भइयन, जवाहर, धनराज, चुलबुल, अरुण, भोगल, रामानंद, हंसराज, संतोष, धनराज, मिश्रीलाल, चिरौंजी व बड़का के अलावा सरांय अकिल मलहीपुर निवासी गुलाब, नरेश, कामता, छोटकू, रामबाबू, कल्लू, सदधू, लाला, बहोरी, हनुमान, शिवकुमार, भगौती, नीबलाल, केदार, छेदी, भगवती पासी के खिलाफ असलहों के बल पर खनिज संपदा चोरी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। थानाध्यक्ष श्यामप्रताप ने बताया कि मौके से कुछ बरामद नहीं हो पाया है सभी आरोपी कौशांबी जिले की सीमा तरफ भाग गए हैं। जिला खनिज अधिकारी ने बताया कि आरोपी विनय निषाद कौशांबी के केवटपुरवा क्षेत्र का पट्टाधारक हैं। अपने निर्धारित क्षेत्र से अधिक चित्रकूट मऊ क्षेत्र में बालू ढुलान कर रहा था।