चित्रकूट । शहर के हाइवे किनारे गड्ढा खोदे जाने से जनसामान्य को आए दिन परेशानी का सामना करना पड़़ता है। कई दिन से खुदे पड़े इस स्थल पर निर्माण कार्य न होने से आमजन व दुकानदार हलाकान हैं। जिससे पैदल व अन्य लोग गड्ढे में गिरकर चुटहिल हो रहे हैं।
नवरात्र होने के चलते भक्तों का देवी पंडाल में जमावड़ा लगता है। इससे हाइवे पर अधिक लोग निकलकर घायल हो रहे हैं। एनएच विभाग द्वारा हाइवे के किनारे फुटपाथ बनाने का कार्य चल रहा है। कई महीने से यह कार्य कछुआ गति से चल रहा है। लगभग एक सप्ताह पहले गड्ढा खोद दिया गया था।
शहर के पटेल तिराहे से ट्रैफिक चौराहे तक लगभग तीन फीट गहरा गड्ढ़ा खोद दिया गया है। जिसमें आए दिन लोग गिरकर चुटहिल हो रहे हैं। सड़क किनारे रहने वाले लोग, दुकानदार व स्थानीय निवासियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सभी ने इन गड्ढों को जल्द भरवाने की मांग की है।