डोर स्टेप योजनातंर्गत डीजल उपलब्ध कराने को संचालित टैंकर
- फोटो : CHITRAKUTT
चित्रकूट। भारत सरकार के ड्रीम प्रोजेक्ट के अंतर्गत डोर स्टेप योजना द्वारा दरवाजे पर डीजल उपलब्ध कराने की शुरुआत जिले में हुई है। सरकार ने ग्राहक हित में पेट्रोलियम कंपनियों के माध्यम से इस सुविधा की शुरूआत कराई है। इसमें ग्राहक एक फोन पर अपने उपयोग की जगह पर डीजल प्राप्त कर सकता है। इसके लिए उसे कोई अतिरिक्त कीमत नहीं चुकानी पड़ेगी।
जिले में डोर स्टेप योजना के लिए गुरुकृपा फीलिंग स्टेशन खोह को चयनित किया गया है। प्रबंधक सुनील कुमार मिश्रा ने बताया कि सोमवार से इसका संचालन शुरू किया गया है। पेट्रोलियम मंत्रालय ने मानक के अनुरूप पारदर्शिता बनाए रखने व घटतौली रोकने को डीजल डिलीवरी मशीन के रूप में फ्लो मीटर लगाया है।
सात लाख की कीमत वाले इस मीटर से त्रुटि न के बराबर होती है और डिलीवरी के बाद कंप्युटराइज्ड पर्ची निकलती है। इसमें मौजूदा मूल्य और मात्रा दर्ज होती है। इसके लिए मोबाइल नंबर भी जारी किया गया है।
इस संबध में जिलापूर्ति अधिकारी ध्रुवराज यादव ने बताया कि सरकार की यह योजना जिले में भी संचालित है। डीजल से संचालित बडे़ कारखाने व स्थायी रूप से एक स्थान पर काम करने वाली मशीनों के संचालकों की सुविधा को ध्यान में रखकर इसे चलाया गया है।