बारिश के मौसम में ग्रामीण क्षेत्रों में डायरिया फैला रहा है। बक्टा और बारामाफी गांव में एक-एक दर्जन लोग इसकी चपेट में हैं। इसके अलावा जिला अस्पताल में डायरिया के मरीजों की संख्या भी बढ़ती जा रही है।
बुधवार को बक्टा गांव के रामस्वरूप पुत्र छेदीलाल, राजकुमार पुत्र सरकार, राजकुमारी, बिट्टी पुत्री रामस्वरूप, चुनकी पत्नी रामस्वरूप व उर्मिला का एक साल का पुत्र डायरिया से पीड़ित हैं। यह सब एक ही परिवार के सदस्य हैं।
इसके अलावा बालकृष्ण पुत्र अमरनाथ निवासी बछरन, विजय पुत्र रामभूषण, सावित्री पत्नी रामनरेश, प्रेमा पत्नी घनश्याम निवासीगण सिद्धपुर, गुड़िया पत्नी रामप्रकाश निवासी हस्ता व भगवती पत्नी रामबहोरी निवासी चौबेपुर को भी डायरिया की शिकायत होने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इसके अलावा बारामाफी गांव में भी एक दर्जन लोग बुखार व डायरिया से पीड़ित हैं। गांव के देवीदयाल यादव ने बताया कि संतोष कुमारी, करूइया देवी, बुद्धराज, सरोज, इंद्रपाल व राममिलन तो इतने बीमार हैं कि चलने फिरने की स्थिति में नहीं हैं। कई अन्य भी इससे पीड़ित हैं।
गांव में ही इन मरीजों के इलाज की व्यवस्था की जाए। पीएचसी शिवरामपुर के डाक्टरों को इसकी जानकारी दी गई लेकिन कोई गांव नहीं पहुंचा। इस मामले में सीएमओ डा. अनीता सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जिस गांव से सूचना मिले, वहां जाकर इलाज किया जाए।