चित्रकूट। पांच दिवसीय दीपदान मेले की शुरुआत मंगलवार से हो जाएगी। इसके लिए धर्मनगरी की भव्य सजावट की गई है। होटल-धर्मशाला सब फुल हो चुके हैं। मेला क्षेत्र में अधिक भीड़ एक स्थान पर न होए इसके लिए अलग अलग मार्गों से श्रद्धालुओं को निकालने की व्यवस्था भी की गई है। भारी एवं मध्यम माल वाहनों का रूट भी बदला गया है।
मेला क्षेत्र में जयपुरिया चौराहे के आगे छोटे वाहनों तक का प्रवेश वर्जित किया गया। मेला क्षेत्र पहुंचने के लिए तीन प्रमुख मार्ग हैं। इनइमें बेड़ी पुलिया से रामघाट, दूसरा शिवरामपुर से जयपुरिया तिराहा, व जिला मुख्यालय से देवांगना रोड होते हुए जाने की व्यवस्था की गई है। रामघाट पर एक तरफ से जाने और दूसरी तरफ से निकलने की व्यवस्था की गई है। परिक्रमा मार्ग पर अधिक भीड़ न एकत्र हो इसके लिए खोही मार्ग से भी श्रद्धालुओं को निकालने की व्यवस्था की गई है।
वाहनों को खड़ा करने के लिए बेड़ी पुलिया चौराहे से लेकर रैन बसेरा तक पार्किंग बनाई गई है। इसी तरह जगद्गुरु रामभद्राचार्य विश्वविद्यालय के पास व रामसैया सहित कुल 12 पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। पेयजल उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न स्थानों में 42 पानी के टैंकर खड़े किए जाएंगे। डीएम शिवशरणप्पा, एसपी अरुण कुमार सिंह, चित्रकूट विकास तीर्थ परिषद के संयोजक एसडीएम पंकज वर्मा, पर्यटन अधिकारी अनुपम श्रीवास्तव ने मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया।