चित्रकूट। सीतापुर चौकी अंतर्गत बेड़ी पुलिया के पास झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय हाईवे पर एक ट्रक की टक्कर से बाइक सवार ढाबा मालिक की मौत हो गई।
कुलीतैलया निवासी बच्चा निषाद (45) पुत्र छोटा शहर में मंदाकिनी नदी के पुल के पास ढाबा चलाता था। बुधवार रात को वह धर्मनगरी के एक संस्थान में खाना बनाने के लिए बाइक से जा रहा था। जब वह बेड़ीपुलिया के पास पहुंचा तो पीछे से एक ट्रक ने उसकी बाइक को टक्कर मार दिया।
इससे वह बाइक से सड़क पर गिर गया और सिर में गंभीर चोट लगने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। आसपास के लोगों ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। घटना के बाद से पत्नी सरिता देवी व मां भुखरी देवी का रो रोकर बुरा हाल है।
बच्चा के एक पुत्र व दो पुत्रियां हैं। पुत्र पुष्पेंद्र ने बताया कि वह पांच भाईयों में दूसरे नंबर के थे। सीतापुर चौकी इंचार्ज रामवीर सिंह ने बताया कि ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।