चित्रकूट। नौजवान भारत सभा ने उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के आवास के बाहर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज और गिरफ्तारी के खिलाफ गुरुवार को प्रदर्शन किया। मऊ ब्लाक के भैरमपुर गांव स्थित सावित्रीबाई फुले पार्क में प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि शिक्षक भर्ती में आरक्षण में गड़बड़ी की वजह से आरक्षित वर्ग को लगभग 25000 सीटों का नुकसान हुआ है।
नौजवान भारत सभा के रवि कुमार ने कहा कि प्रदेश में रोजगार के नाम सरकार केवल जुमलेबाजी कर रही है। चार साल में चार करोड़ नौकरियों का दावा करने वाली सरकार की सच्चाई यह है कि सभी सरकारी विभागों में खाली पदों को समाप्त किया जा रहा है। हाल ही में बेसिक शिक्षा मंत्री सतीश द्विवेदी के भाई को ईडब्ल्यूएस कोटे से सिद्धार्थनगर में नौकरी दे दी गई।
जब इस मुद्दे पर हो हल्ला हुआ तब इस्तीफा देने पर मजबूर होना पड़ा। आज हालत यह है कि योग्य युवा कई वर्षों तक तैयारी करने के बाद भी बेरोजगार हैं। सुरेश ने बताया कि दो दिन पूर्व ही पटना में एसटीईटी के छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया।
एसटीईटी के छात्र कई बार घोटालों का शिकार हो चुकी शिक्षक भर्ती की बहाली प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग कर रहे थे। विरोध प्रदर्शन में वीरेंद्र, रामसलोने, राहुल, चंदन, कुलदीप, अजय, अंकित, सुरेश भी शामिल रहे।