चित्रकूट। गोस्वामी तुलसीदास की जन्मस्थली राजापुर को चित्रकूटधाम रेलवे स्टेशन से जोड़ने की मांग तेज हो गई है। इसके लिए करीब 75 किमी रेल लाइन के विस्तार का प्रस्ताव रखा गया है। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों व भाजपा नेताओं ने केंद्रीय रेल मंत्री के नाम डीएम पुलकित गर्ग को ज्ञापन सौंपकर इस दिशा में पहल करने की मांग की।
राजापुर से चित्रकूटधाम कर्वी की दूरी करीब 35 किमी और राजापुर से भरवारी की दूरी लगभग 40 किलोमीटर है। ऐसे में रेल लाइन का विस्तार होने से दोनों क्षेत्रों के बीच सीधा रेल संपर्क स्थापित हो सकेगा। प्रस्तावित मार्ग से राजापुर सहित प्रतापगढ़ के प्रमुख धार्मिक स्थलों, प्रयागराज के शृंगवेरपुर धाम और कौशांबी के कड़ा धाम व मंझनपुर को भी रेल नेटवर्क से जोड़ने की मांग की गई है।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिला उपाध्यक्ष शिवपूजन गुप्ता ने बताया कि रेल संपर्क स्थापित होने से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। इस मौके पर नगर उपाध्यक्ष सतीश चंद्र मिश्रा सहित व्यापार मंडल के पदाधिकारी और भाजपा नेता शामिल रहे।