भाइयों की मौत के बाद गमगीन बैठीं उसकी बहनें
- फोटो : अमर उजाला
चित्रकूट। मंगलवार की सुबह मुख्यालय के सपा कार्यालय की छत पर लगे नल में नहाने गए दो सगे भाइयों की करंट से मौत हो गई। इसकी जानकारी मिलते ही बाजार में हड़कंप मच गया। उधर, घटनास्थल से लेकर जिला अस्पताल में किसी अधिकारी और नेताओं के न पहुंचने से नाराज मृतकों के परिजनों ने स्थानीय लोगों के साथ सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। भौंरी निवासी राजा उर्फ अनिल पटवा (27) पुत्र चंद्रभान पटवा मुख्यालय के बस स्टैंड तुलसी मार्केट में चूड़ी का थोक व्यापार करता है। मंगलवार की सुबह वह दुकान खोलने के पहले बाल्टी लेकर नहाने के लिए छत में सपा कार्यालय के बाहर लगे नल के पास पहुंचा। जैसे ही उसने नल खोलकर बाल्टी लगाई तो करंट होने से वह चिपक गया। इस बीच पीछे से आया छोटा भाई नीरज (25) भी नहाने पहुंचा। भाई को नल से चिपका देख उसे हटाने के लिए उसे पकड़कर खींचा तो करंट होने से वह भी वहीं गिर पड़ा। दोनों भाई लगभग 20 मिनट तक वहीं पडे़ रहे। इस दौरान एक अन्य दुकानदार आया तो उसने दोनों को देखकर नीचे आ गया। काफी देर बाद उसने स्थानीय लोगों को बताया कि चूड़ी वाले दोनों भाई छत पर पड़े हैं।
जानकारी होते ही वहां हड़कंप मच गया। आनन फानन में दोनों भाइयों को स्थानीय दुकानदार जिला अस्पताल लाए जहां डाक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। दोपहर तक अस्पताल में किसी भी अधिकारी और नेता के न पहुंचने और जिले में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव का कार्यक्रम होने से अस्पताल से डेढ़ किमी दूर सभी अधिकारियों और नेताओं की मौजूदगी होने की जानकारी पर मृतकों के परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हुए। दोनों शव अस्पताल से लाकर लोगों ने कलेक्ट्रेट मार्ग पर रख जाम लगा दिया। जानकारी होने पर सदर एसडीएम रजनीश मिश्रा, अधिशाषी अभियंता विद्युत राजमणि विश्वकर्मा और कोतवाल रनवीर सिंह मौके पर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने विद्युत विभाग की लापरवाही पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और मृतकों के परिजनों को मुआवजा दिलाने की मांग कर रहे थे। अधिकारियों ने मांग पूरी करने का आश्वासन देकर जाम खत्म कराया। इसके बाद पुलिस सुरक्षा में दोनों भाइयों का पोस्टमार्टम कराया गया। कोतवाल रनवीर सिंह ने बताया कि छत के आसपास से कई विद्युत तारें निकली हैं। उसी में से कोई तार कटी थी और वह नल के पाइप को छू रही थी जिससे यह घटना हुई है।