मानिकपुर (चित्रकूट)। प्रयागराज में इलाज के दौरान वृद्ध की मौत हो गई। पुत्र ने परिजनों पर संपत्ति के लालच में हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। विवाद की सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना अंतर्गत चुरेह केशरुआ गांव के सांवल के पुरवा निवासी रामराज उर्फ चुन्नीलाल के परिजनों ने बताया कि रामराज (85) कई माह से बीमार चल रहे थे। इनका इलाज प्रयागराज में भी चल रहा था। बृहस्पतिवार को इलाज के दौरान प्रयागराज में मौत हो गई। देर शाम को जैसे ही शव उनके गांव पहुंचा तो मृतक के पुत्र ने अपने ही कुछ परिजनों पर पिता को जहरीला पदार्थ खिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया। शुक्रवार की सुबह सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया है। थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद तहरीर मिलने पर कानूनन कार्रवाई की जाएगी।