मानिकपुर (चित्रकूट)। जिले की सीमा से सटे मध्य प्रदेश के वन विभाग मझगवां के जंगल में तेंदुए का शव मिला। आशंका है कि तेंदुए का शिकार किया गया है। वन विभाग की टीम ने जांच कर शव पोस्टमार्टम के लिए पशु अस्पताल भेजा है।
मझगवां के पटना बीट स्थित जंगल के पहाड़ पर शुक्रवार की सुबह तेंदुए का शव पड़ा मिला। शव के कई अंग जानवरों ने खा लिया था। ग्रामीणों की सूचना पर उप वन मंडलाधिकारी चित्रकूट अभिषेक तिवारी व वन परिक्षेत्र अधिकारी मझगवां पंकज दुबे कर्मचारियों के साथ वहां पहुंचे। आसपास के ग्रामीणों से जानकारी ली।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि तेंदुए का शिकार किया गया है। वन परिक्षेत्र अधिकारी मझगवां पंकज दुबे ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही तेंदुए की मौत के कारण का पता चलेगा।