अगरहुंडा में निर्माणाधीन विद्युत सब स्टेशन का बंद पड़ा काम।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सरैंया क्षेत्र के अगरहुंडा गांव के पास करोड़ों की लागत से बन रहे विद्युत सब स्टेशन के सुपरवाइजर को 50 हजार के इनामी डाकू गोप्पा ने बिना चौथ दिए निर्माण न कराने की धमकी दी है। मऊ के भिटरिया गांव में निर्माणाधीन विद्युत सब स्टेशन में चौकीदार को एक दर्जन लोगों ने हमला कर घायल कर दिया। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि यह हमला भी बदमाशों ने ही किया है। अज्ञात के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
जानकारी के अनुसार डकैतों ने सरकारी निर्माण कार्य में चौथ वसूली के लिए अब विद्युत सब स्टेशन को चुना है। गुरुवार की शाम को अगरहुंडा के पास चल रहे निर्माण कार्य में लगी आरईडब्ल्यू कार्यदायी संस्था के सुपरवाइजर रामेश्वर प्रसाद ने बताया कि कई अलग-अलग नंबरों से उसके फोन पर डाकू गोप्पा ने रंगदारी मांगी है। धमकी दी है कि बिना कमीशन दिए विद्युत सब स्टेशन का निर्माण कराया गया तो वह मजदूरों को मौत के घाट उतार देगा।
जिससे भयभीत सुपरवाइजर ने अपने उच्चाधिकारियों को फोन से अवगत कराया है। जिसकी जानकारी डीएम व एसपी को भी दी गई है। एसपी ने सुरक्षा का भरोसा दिया है लेकिन भयभीत मजदूरों ने काम बंद कर दिया है। इस मामले में विद्युत प्रेषण खंड बांदा के अधिशासी अभियंता उमेश वर्मा ने बताया कि होली पर मजदूरों के जाने के कारण काम बंद किया गया है। उन्होंने स्वीकारा कि डाकुओं ने चौथ की मांग कर धमकी दी है।
इसके अलावा मऊ थाना क्षेत्र के भिटरिया गांव में निर्माणाधीन विद्युत सब स्टेशन पर गुरुवार की रात को दर्जन अज्ञात बदमाशों ने धावा बोलकर तोड़फोड़ की। वहां मौजूद चौकीदार तेजभान को पीटकर बदमाशों ने ठेकेदार से चौथ पहुंचाने की धमकी दी है। थानाध्यक्ष आरबी सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी होते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी लेकिन बदमाश भाग चुके थे। थानाध्यक्ष ने बताया कि यह निर्माणस्थल पर चौकीदारों की तैनाती को लेकर आपसी विवाद है। जांच के बाद पांच लोगों को पकड़ा गया है। जिनसे पूछताछ जारी है।
चित्रकूट। गौरतलब है कि मऊ-मानिकपुर क्षेत्र के कई स्थानों पर करोडों की लागत से बनने वाले विद्युत सब स्टेशन पर डकैत धावा बोलकर चौथ पहुंचाने की धमकी दे रहे हैं। एक सप्ताह पूर्व बहिलपुरवा थानाक्षेत्र के नयाचंद्रा क्षेत्र में निर्माणाधीन विद्युत सब स्टेशन में कार्यरत विद्युत प्रेषण खंड बांदा के जेई राजकुमार को साढे पांच लाख के इनामी डाकू बबुली कोल ने फोन कर चौथ पहुंचाने की धमकी दी है। जिसकी जानकारी डीएम-एसपी को दी जा चुकी है।