चित्रकूट। डाकू शंकर केवट गैंग के सदस्य छोटकू निषाद को जिला पुलिस टीम ने दबोच लिया है। इसके पास से तमंचा व कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस ने इस पर 25 हजार का इनाम घोषित किया था इस पर हत्या व पुलिस से मुठभेड़ समेत छह मामले दर्ज हैं।
शनिवार को पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल ने बताया कि मुखबिर की सूचना मिली कि बदमाश छोटकू निषाद का मुख्यालय के आस पास मूवमेंट है। जिस पर सदर कोतवाली की दो टीमें बनाकर घेराबंदी कराई गई। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र त्रिपाठी ने टीम के साथ शुक्रवार की देर रात को मुख्यालय के रेलवे स्टेशन रोड पर इनामी छोटकू निषाद निवासी मुगरिहा पुरवा अमेढ़ी थाना कमासिन जनपद बांदा को दबोच लिया। पुलिस के अनुसार छोटकू ने साथियों के साथ मिलकर नवंबर 2008 में राजबहादुर उर्फ राजा पुत्र रामकिशन निवासी बाबा तालाब मजरा बिलहरी थाना बहिलपुरवा की हत्या की थी। 8-9 नवंबर 2008 को ग्राम गोपीपुर में 18-20 घरों में डकैती की घटना को अंजाम दिया था। 26 नवंबर को पुलिस के साथ मुठभेड़ में शामिल रहा है। जिसमें इसका एक साथी गिरफ्तार हुआ था। छोटकू पहले डाकू शंकर केवट गैंग में रहकर कई वारदात कर चुका है लेकिन उसके मारे जाने के बाद से यह अन्य प्रांत में रहने लगा था। बीच बीच में यह चित्रकूट के जंगल पहुंचा और अपने कुछ खास सहयोगियों के साथ डाकू गोप्पा और डाकू गौरी यादव गैंग के साथ मिलकर वारदात भी की है। शनिवार को इनामी बदमाश को जेल भेजा गया है।