चित्रकूट। डेढ़ लाख के इनामी डाकू गौरी यादव गैंग की विश्वासपात्र व सहयोगी महिला को पुलिस ने बांका लुटनी के जंगल में घेराबंदी कर पकड़ा है। उसकी निशानदेही पर जंगल के एक मंदिर के पास खुदाई कर पुलिस ने भारी मात्रा में कारतूस, तमंचा, मोबाइल व अन्य सामग्री बरामद हुआ है।
सतना एसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर धारकुंडी थाना प्रभारी आशीष धुर्वे की टीम ने घेराबंदी कर पकड़ा है। महिला ने अपना नाम गुड़िया निवासी घाटाकोलान बहिलपुरवा बताया है। उसके साथ उसका पति भैरम कोल व उसका पुत्र है। एसपी के अनुसार गुड़िया कोल डकैत गौरी यादव की सहयोगी है। गुड़िया ने बताया कि पति भैरम कोल बाहर काम करता है। कभी कभी घर आता है। वह मोबाइल से गौरी यादव से बात करती है। उसके लिये कई बार खाना पहुंचाया है। बताया कि एक महीने पहले डाकू गौरी मिला था जिसको खाना और अन्य सामग्री देने लुटनी के जंगल में आयी थी तब उसके साथ तीन आदमी और थे उनके पास काफी मात्रा में कट्टा कारतूस था। लुटनी के जंगल में बने शंकर भगवान के मंदिर से थोड़ी दूर बरा के पेड़ के पास गड्डा खोद कर गौरी यादव व साथियों ने ढेर सारी गोलियां कट्टा, कट्टा रखने का बेल्ट, पट्टा छिपाया है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने सारी सामग्री बरामद हो गई। मौके से एक तमंचा, 104 कारतूस, तीन कारतूस रखने की बेल्ट, एक मोबाइल, एक जोड़ी कपडे़ बरामद हुए हैं। इस सफलता में धारकुंडी थाना प्रभारी आशीष धुर्वे, मझगवां थाना प्रभारी निरी शर्मा व टीम का सहयोग रहा।