मऊ (चित्रकूट)। थाना क्षेत्र के लालता रोड गांव में मंगलवार की रात को अचानक हाई वोल्टेज आने से कई घरों के बिजली उपकरण फुंक गये। इसी दौरान फुंके कूलर का तार हटाने की कोशिश में करंट लगने से किसान की मौत हो गई। मृतक की एक वर्ष पूर्व ही शादी हुई थी।
मूल रूप से कोपा मऊ गांव निवासी अरूणेंद्र सिंह (25) पुत्र बृजजीवन सिंह की पत्नी आरती देवी ने बताया कि मंगलवार की रात को अचानक तेज वोल्टेज आने से घर के कई बिजली उपकरण खराब हो गये। कूलर भी अचानक बंद हो गया तो पति नेे तार हटाने का प्रयास किया तभी करंट लगा और वह वहीं बेहोश हो गये। परिजन सीएचसी मऊ लाये जहां डाक्टरों ने रेफर कर दिया। प्रयागराज ले जाते समय उनकी मौत हो गई।
गांव के अन्य कई घरों के भी बिजली उपकरण फुंक गये हैं। पुलिस ने शव का पंचनामा कराकर पोस्टमार्टम कराया।मृतक तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था।