भरतकूप(चित्रकूट)। कस्बे में शुक्रवार को बालकृष्ण पब्लिक स्कूल परिसर में क्रशर मालिकों की बैठक हुई। बैठक में क्रशर मालिकों ने यह तय किया कि वह मिल से ओवरलोडिंग नहीं होने देंगे। अगर किसी क्रशर में ओवरलोडिंग की शिकायत मिलती है तो उसके मालिक पर जुर्माना लगाया जाएगा।
क्रशर यूनियन अध्यक्ष रामेंद्र गौतम ने कहा कि अब किसी भी क्रशर से गिट्टी व डस्ट की ओवरलोडिंग नहीं होगी। हर वाहन चालक को खनिज सामग्री ढोने का वैध कागज साथ में रखना होगा। बिना रवन्ना वाले वाहन में खनिज सामग्री नहीं लोड होगी।
वाहनों में मानक के अनुरूप ही सामग्री लोड कर रवाना की जाएगी। क्रशर यूनियन के पदाधिकारी एक दूसरे के क्रशर से निकलने वाले वाहनों में ओवरलोडिंग की जांच करेंगे। किसी भी क्रशर में ओवरलोडिंग मिलने पर संबंधित क्रशर मालिक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
कोषाध्यक्ष नत्थू पटेल ने कहा कि अब किसी भी दशा में ट्रक संचालकों की तानाशाही नहीं चलेगी। बैठक में रोहित द्विवेदी, मिथलेश गर्ग, आनंदी लाल सिंह व गुड्डन दुबे मौजूद रहे ।