चित्रकूट। कुख्यात इनामी डाकू बबुली कोल गैंग से पुलिस की नागर जंगल में सीधी मुठभेड़ हो गई। जिसमें साढ़े पांच लाख का इनामी सरगना बबुली, उसका दाहिना हाथ लवलेश समेत तीन डकैत घायल हो गए। डकैत पुलिस की नाकेबंदी तोड़कर भागने में सफल रहे। पुलिस अभी भी उनकी तलाश में सर्च अभियान चला रही है। पुलिस का दावा है कि एक घायल डकैत किसी लकड़ी वाले के घर में छिपा हैं सर्च अभियान जारी है। वहीं डकैतों को खाद्य सामग्री पहुंचाने वालों की तलाश की जा रही है। 20 किलो गोश्त व अन्य खाद्य सामग्री बरामद की है। देर शाम पुलिस ने नागर जंगल से एक युवक को खाद्य सामग्री व तमंचा समेत पकड़ा है।
जिले के मानिकपुर थानाक्षेत्र के नागर गांव में कुख्यात साढ़े पांच लाख के इनामी डाकू बबुली कोल के गैंग आने की सूचना पुलिस को मिली। शुक्रवार को थाना पुलिस व एंटी डकैत टीमों ने घेराबंदी शुरू कर दी। दोपहर को जैसे ही गैंग जंगल से गांव की ओर आने लगा तो कुछ लोग उसे खाद्य सामग्री पहुंचाने जा रहे थे। तभी पुलिस टीमों ने अपना घेरा डाल दिया, तभी डकैतों को इसकी भनक लग गई। डकैतों ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस टीम ने जवाबी फायरिंग की। इधर मुठभेड़ की जानकारी मिलते ही एसपी मनोज कुमार झा, अपर एसपी बलवंत चौधरी, मऊ सीओ इश्त्यिाक अहमद व मारकुंडी थाने की पुलिस टीमें भी नागर गांव की ओर रवाना हुई। 30 मिनट तक ताबड़तोड़ फायरिंग से नागर जंगल गूंज उठा। जैसे की पुलिस की अन्य टीमें पहुंची तो भारी फोर्स देख डकैत पहाड़ की ओर भागने लगे।
इसी दौरान बबुली व लवलेश समेत तीन सदस्यों के गोली लगी लेकिन वह किसी तरह पहाड़ पर चढ़ने में सफल रहे। समाचार लिखे जाने तक पुलिस टीमें जंगल के चारों ओर और आस पास के गांव में डकैतों की तलाश कर रही है। एसपी मनोज झा ने बताया कि इस मुठभेड़ में सरगना बबुली के पैर, लवलेश के हाथ व एक अन्य के जांघ में गोली लगने की ठोस जानकारी मिल रही है। जिसमें एक घायल डकैत जंगल की ओर भाग नहीं पाया है, वह आस पास के ही गांव में है। जिसकी तलाश की जा रही है। मौके से 20 किलो गोश्त व खाद्य सामग्री बरामद की गई है। कई खोखे भी मिले हैं। खाद्य सामग्री पहुंचाने वालों की तलाश की जा रही है।
मानिकपुर थाना प्रभारी केपी दुबे ने बताया कि नागर गांव निवासी अनिल उर्फ अन्नी कोल पुत्र जागेश्वर को गांव के जंगल के पास से दबोच लिया है। उसके पास खाद्य सामग्री के अलावा एक तमंचा व कारतूस भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की कई दिनों से तलाश थी।