मवई रोड पर घटनास्थल का निरीक्षण करते एसपी केके चौधरी
- फोटो : अमर उजाला
युवक की दिनदहाड़े उसके हाते में गोली मार दी गई। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हत्या की जानकारी पर एसपी के साथ पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच पड़ताल की। मौके से 12 बोर का खोखा बरामद हुआ है।
कस्बे के मवई रोड पर नरेश विश्वकर्मा का पुत्र प्रमोद कुमार उर्फ पर्रू (22) शुक्रवार सुबह अपनी फर्नीचर की दुकान में गया था। कुछ देर बाद वह पीछे के हाते में गया। उसी समय घात लगाए बैठे दो युवकों ने उस पर तमंचे से फायर झोंक दिया। गोली सीने मेें लगने से प्रमोद लहूलुहान होकर गिर पड़ा।
प्रमोद की चीख सुनकर हमलावर बाउंड्रीवाल कूदक र भाग गए। चीख सुनकर पहुंचीं प्रमोद की मां रामकन्या बेटे को लहूलुहान देख रोने चिल्लाने लगीं। इस बीच यहां लोगों की भीड़ लग गई। युवक को सीएचसी लाया गया। यहां डाक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद इलाहाबाद रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई।
घटना की जानकारी होते ही पुलिस अधीक्षक केके चौधरी सीओ बैजनाथ और एसओ शैल सिंह के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। इन्होंने आस पास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस को मौके से 12 बोर का खोखा मिला है। आशंका है कि हमलावरों ने दो फायर किए। इनमें से एक फायर मिस हो गया। एसपी ने बताया कि पारिवारिक पुराने विवाद की जानकारी मिली है। मृतक के परिजनों ने अभी किसी के नाम तहरीर नहीं दी है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ घटना अंजाम देने की सूचना अंकित की है।
दो थे हमलावर
मृतक के पिता ने टेलीफोन पर बताया कि मरने से पहले प्रमोद ने बताया कि दो अज्ञात युवक हाते में आए । यह उसे गोली मारकर भाग गए। वारदात केे पीछे परिवार से पुराना विवाद बताया जा रहा है। दोनों परिवार फर्नीचर का काम करते हैं।
कोई नहीं दे रहा जानकारी
हमलावर वारदात अंजाम देने के बाद आसानी से भागने में सफल रहे। आरोपियों को भागते हुए आसपास के लोगों ने भी देखा। इसके बाद भी कोई कुछ बोलने को तैयार नहीं है।
एक माह की है पुत्री
पांच भाई चार बहनों में दूसरे नंबर के प्रमोद की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दो साल पहले प्रमोद की शादी पुष्पा के साथ हुई थी। प्रमोद क ी एक पुत्री सृष्टि है।