पुलिस के साथ्ा पकड़ा गया डकैत
- फोटो : अमर उजाला
डकैत मर्द गैंग का तीस हजार का इनामी दशरथ पटेल बुधवार सुबह मुठभेड़ के दौरान पुलिस के हत्थे चढ़ गया। गैंग का सरगना शिवा पटेल व तीन अन्य सदस्य भागने में कामयाब रहे। पुलिस ने पकड़े गए डकैत के पास से एक बंदूक और पांच जिंदा कारतूस बरामद किया है। मुठभेड़ स्थल से करीब डेढ़ दर्जन कारतूस के खोखे भी बरामद हुए हैं।
मध्यप्रदेश के अनुसुइया व बटोही जंगल में पुलिस को पचास हजार के इनामी डकैत शिवा पटेल के मर्द गैंग के मौजूद होने की सूचना मिली। अपर एसपी रामेश्वर प्रसाद यादव ने बताया कि सतना व नया गांव की पुलिस टीम के साथ जंगल की घेराबंदी की गई। पुलिस को देखकर डकैतों ने फायरिंग शुरू कर दी।
उन्होंने बताया कि लगभग आधे घंटे की मुठभेड़ के बाद गैंग सरगना व तीन अन्य सदस्य भागने में सफल रहे, जबकि झाड़ी के पीछे छिपे डकैत दशरथ पटेल पुत्र जीतराम निवासी केकरमार नयागांव को पकड़ लिया गया। उसके पास से एक बंदूक व पांच जिंदा कारतूस बरामद हुए है। पकड़ा गया डाकू सरगना शिवा का सगा भाई भी है। उसपर तीस हजार का इनाम घोषित है। हत्या, लूट, दुष्कर्म, मुठभेड़ ,फिरौती के उसपर एक दर्जन मामले दर्ज हैं।