चित्रकूट। कोतवाली क्षेत्र के रेहुंटिया गांव में कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला करने वालों में तीन के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। घायलों में एक की हालत गंभीर होने पर इलाहाबाद रेफर किया गया है। दूसरे घायल की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
गौरतलब है कि सोमवार की देर शाम को कोतवाली क्षेत्र के रेहुंटिया गांव में अज्ञात कारण के चलते कुछ युवकों ने स्थानीय किशन पर कुुल्हाड़ी से वार कर लहूलुहान कर दिया था। किशन को बचाने आगे बढ़ा राजबहादुर को भी हमलावरों ने मारा पीटा था। दोनों को घायलावस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मंगलवार को घायल किशन के बाबा रेहुंटिया निवासी गौरेंद्र सिंह ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि सोमवार की शाम को उसका नाती किशन व उसका दोस्त राजबहादुर गांव से बाहर जा रहे थे तभी रास्ते में गांव के चुन्ना कोटार्य, पट्टू कोटार्य, मुंजू कोटार्य ने उन्हें रोककर गाली गलौज देना शुरू कर दिया। विरोध करने पर कुल्हाड़ी व लाठियों से वार किया।
कोतवाल मनोज शुक्ला ने बताया कि तीनों आरोपियों पर हत्या के प्रयास की धारा के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। घायल किशन को इलाहाबाद रेफर किया गया है जबकि राजबहादुर की हालत खतरे से बाहर है। कोतवाल ने बताया कि पुरानी रंजिश थी जबकि घायलों के परिजनों का कहना कि बेवजह ही हमला किया गया है। उधर गांव में चर्चा है कि मामला छेड़खानी से जुड़ा है लेकिन इसकी पुष्टि नहीं की है।