नशीला पदार्थ खिला कर लूटा ई-रिक्शा
- एक पखवाड़ेे में तीसरी ई-रिक्शा लूट, चालकों में दहशत
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर।
नगर व देहात कोतवाली क्षेत्र में जहरखुरानी गिरोह सक्रिय है। एक पखवाड़े के भीतर बदमाशों ने तीन चालकों को शिकार बनाकर ई-रिक्शा लूट लिया। इससे ई-रिक्शा चालकों में दहशत है। वहीं अब देहात कोतवाली क्षेत्र में आरोपी वारदात को अंजाम देकर भाग निकले।
देहात कोतवाली की नई मंडी चौकी क्षेत्र के गांव रमपुरा निवासी हरेंद्र सिंह (35) पुत्र तारीफ सिंह ने बताया कि रविवार देर रात वह ई-रिक्शा लेकर जा रहा था। इसी दौरान दो लोगों ने उसका ई-रिक्शा अनूपशहर रोड के लिए बुक किया। इस दौरान आरोपियों ने उसे मिठाई के साथ नशीला पदार्थ खिला दिया। इसके बाद वह बेहोश हो गया। सुबह क्षेत्र के गांव जिलेपुरा के निकट वह अचेतावस्था में मिला। स्थानीय लोगों व राहगीरों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित ने बताया कि आरोपी उसका ई-रिक्शा, एक मोबाइल फोन व कुछ रुपये लूट कर ले गए हैं। वहीं पुलिस मामले की जानकारी होने से इंकार कर रही है।