समोसा खिलाने के बहाने युवक ने छात्र का अपहरण कर लिया। अब वह परिजनों को फोन पर पांच लाख की फिरौती की मांग कर रहा है। जानकारी होते ही पुलिस सक्रि य हुई और अपहरणकर्ता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज तलाश शुरू कर दी है।
अंबेडकरनगर बांदा निवासी जगदीश सिंह का पुत्र हर्षवर्धन सिंह(10) कोतवाली क्षेत्र के नई बस्ती बनकट में अपने नाना रामचंद्र वर्मा पुत्र साऊंराम के घर रहता है। रामचंद्र ने बताया कि गुरुवार दोपहर बनकट निवासी अतिथि पटेल पुत्र अनिल कुमार उसकी पान की गुमटी में आया और कुछ देर तक खड़ा रहने के बाद उसके नाती हर्षवर्धन को समोसा खिलाने के बहाने ले गया।
शाम तक बच्चे के न लौटने पर खोजबीन शुरू की। इसी बीच अतिथि पटेल ने उसके मोबाइल पर फोन कर बताया कि उसने हर्षवर्धन का अपहरण कर लिया गया है। फोन पर ही उसने पांच लाख की फिरौती की मांग की। इतना सुनते ही पूरे परिवार में हड़कंप मच गया।
रामचंद्र ने बताया कि उसके बाद से अतिथि का मोबाइल स्विच आफ बता रहा है। शुक्रवार सुबह कोतवाली में अतिथि पटेल के खिलाफ अपहरण कर फिरौती मांगने की रिपोर्ट दर्ज कराई। शुक्रवार को फिर से फोन कर रूपए की मांग की गई। रामचंद्र के पता पूछने पर उसने बाद में फोन करने को कहा।
पूरे मामले में कोतवाल सत्यपाल सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है लेकिन पूरे मामले को हर तरीके से देखा जा रहा है। अपहरण की संभावना तो है। आरोपी की तलाश के साथ अपहृत की सकुशल रिहाई का प्रयास जारी है।