महोबा। पुलिस लाइन सभागार में रविवार को हुई क्राइम मीटिंग में लंबित विवेचनाओं का निस्तारण न होेने पर पुलिस अधीक्षक ने नाराजगी जताते हुए थाना प्रभारियों और थानाध्यक्षों के पेंच कसे। साथ ही अपराधों में हर हालत में कमी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
रविवार को एसपी क्राइम मीटिंग में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि लंबित विवेचनाओं का जल्द से जल्द निस्तारण करें। साथ ही आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को चिंहित कर उनपर नजर रखे। छोटे छोटे मामलों की शिकायतें मिलने पर मौके पर जाकर निस्तारण करें। जिससे बड़ी घटना न घट सके। उन्होंने पुलिस राज पत्रित अधिकारियों को थाना, चौकी क्ष्ेात्र अंर्तगत कानून व्यवस्था को दुरुस्त करने के भी निर्देश दिए।थाना और पुलिस चौकियों में साफ सफाई एवं रख रखाव पर विशेष ध्यान देने पर जोर दिया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि ओवरलोड वाहनों पर सख्ती से कार्रवाई की जाए। शिकायती पत्र समय सीमा के अंर्तगत जांच पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा और महिला, गरीब, दिव्यांगों को शीर्ष प्राथमिकता दें। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक वंशराज यादव, सीओ सदर जितेंद्र दुबे, चरखारी सीओ वीबी सोलंकी, कुलपहाड़ सीओ विनोद सिंह के अलावा सभी थानों के थाना प्रभारी और थानाध्यक्ष मौजूद रहे।