शराब बनाने की कच्ची सामग्री के साथ आरोपी।
- फोटो : amar ujala
सरैंया। पुलिस टीम ने नकली शराब बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। छापा पड़ते ही दो आरोपी भाग निकले जबकि एक को पुलिस ने दबोच लिया है। पुलिस ने नकली शराब के अलावा भारी मात्रा में उपकरण भी बरामद किए हैं।
मानिकपुर व सरैंया पुलिस टीम ने एडी टीम प्रभारी मो. अकरम के साथ मुखबिर की सूचना पर सोमवार की सुबह सरैंया चौकी क्षेत्र के पतेरिया गांव में छापेमारी की। गांव के गौरीशंकर गुप्ता के घर में छापेमारी होते ही भगदड़ मच गई। मौके से पतेरिया निवासी रज्जू उर्फ शिवनारायण गुप्ता और प्रधान उर्फ जयप्रकाश गुप्ता भागने में सफल रहे। चौकी प्रभारी दिनेश सिंह ने बताया कि नकली शराब बनाने वाले मुख्य आरोपी गौरीशंकर को दबोच लिया गया है। उसके घर से केमिकलयुक्त शराब बनाने की ढेर सारी सामग्री बरामद हुई है। यह लोग केमिकल में गुलाबी रंग मिलाकर नकली शराब बनाते थे।
बरामद सामग्री
सरैंया। 50- 50 लीटर के दो जरीकेन, 350 लीटर केमिकल, 70 शीशी देसी शराब, 108 खाली शीशी व उनके ढक्कन-रैपर, चार डिब्बी रंग, प्लास्टिक की बाल्टी, जग व कीप आदि बरामद किया गया है।
आरोपी पिता पुत्र
सरैंया। नकली शराब बनाने की फैक्ट्री में पिता पुत्र व उनके रिश्तेदार की काम करते थे। पकड़ा गया गौरीशंकर का ही पुत्र जयप्रकाश भाग निकला है। इस मामले में पुलिस ने पिता पुत्र समेत तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।