बेहट (सहारनपुर)। कोचिंग जाते समय बाल्मीकि समाज की छात्रा के साथ दूसरे समुदाय के दो युवकों ने छेड़छाड़ कर दी, जिससे गुस्साए लोगों ने कोतवाली में जमकर हंगामा किया। इस बीच एक आरोपी को पकड़कर कोतवाली पहुंचे पुलिसकर्मियों से लोगों ने आरोपी को खींचने की कोशिश की। जिस पर पुलिस ने शिकायत करने गए लोगों को कोतवाली से बाहर निकाल दिया। इससे लोग आगबबूला हो गए। पीड़ित छात्रा के पक्ष के लोगों ने पुलिस पर अभद्रता करने, शिकायत करने गए लोगों को गोली मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। एक युवक को डंडा मारकर घायल करने और हवालात में बंद करने का भी आरोप लगाया। लोग कोतवाली प्रभारी को हटाए जाने की मांग पर अड़ गए। देर शाम सफाईकर्मियों ने सफाई व्यवस्था ठप करने की घोषणा कर दी।
सोमवार सुबह लगभग साढ़े 11 बजे बाल्मीकि समाज की एक छात्रा कोचिंग सेंटर पर जा रही थी। आरोप है, कि कस्बे के ही दूसरे समुदाय के युवकों ने उसके साथ छेड़छाड़ की। छात्रा ने इसकी सूचना अपने भाई को दी, जिस पर छात्रा के परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक युवक वहां से जा चुके थे। इसके बाद पीड़ित छात्रा के परिजन कोतवाली पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। उन्होंने आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की। जिस पर दो पुलिसकर्मी एक आरोपी युवक को पकड़कर कोतवाली में लेकर पहुंच गए। आरोप है कि जैसे ही आरोपी को कोतवाली में लाया गया, तो बाल्मीकि समाज के एक युवक ने उसे पुलिसकर्मियों से खींचने का प्रयास किया। इस पर पुलिस ने बाल्मीकि समाज के लोगों को कोतवाली से बाहर खदेड़ दिया। पीड़ित छात्रा के पिता को कोतवाल ने भीड़ लेकर आने की बात कहते हुए धमकाना शुरू कर दिया और एक युवक को डंडा मारते हुए हवालात में बंद कर दिया। हाथ पर डंडा लगने से वह चोटिल हो गया। इसकी खबर लगते ही बाल्मीकि समाज के लोगों की भीड़ नारेबाजी करते हुए कोतवाली में घुस आई और कोतवाल के ऑफिस में घुस गए। लोगों की कोतवाली प्रभारी और अन्य पुलिस कर्मियों से जमकर नोकझोंक हुई। भीड़ कोतवाल के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बाल्मीकि मंदिर पहुंची। अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस अध्यक्ष राजकुमार बिरला ने नगर पंचायत अध्यक्ष को बुलाकर नगर की सफाई कार्य ठप करने की घोषणा कर दी। घटना की सूचना मिलने पर सीओ ब्रह्मपाल सिंह कोतवाली पहुंचे। थाना मिर्जापुर एवं बिहारीगढ़ से भी फोर्स बुला लिया गया। सीओ ने बाल्मीकि समाज के जिम्मेदार लोगों को वार्ता के लिए कोतवाली बुलाया। यहां नगर पंचायत अध्यक्ष अब्दुल रहमान, भीम आर्मी के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनजीत सिंह नौटियाल, भाजपा नेता अनिल सिंघल एवं मुकेश राणा की मौजूदगी में वार्ता शुरू हुई। अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष राजकुमार बिरला ने वार्ता के दौरान दो टूक कहा, कि जब तक कोतवाल और उनके युवक को डंडा मारकर घायल करने वाले पुलिसकर्मी को यहां से नहीं हटाया जाता, तब तक नगर की सफाई कार्य ठप रहेगी। इसके बाद बाल्मीकि समाज के लोग कोतवाली से चले गए।
-- कोतवाल के बिगड़े बोल से भड़के लोग
आरोप है कि कोतवाली प्रभारी छोटे सिंह के बिगड़े बोल ने शिकायतकर्ताओं को भड़का दिया। लोगों ने आरोप लगाया कि आरोपियों के खिलाफ तहरीर लेकर कोतवाली पहुंचे छात्रा के पिता और भाई को कोतवाल ने कहा कि भीड़ लेकर आए हो, गुंड़ागर्दी नहीं करने दूंगा। 25 गोलियां मार दूंगा। गाली देते हुए गर्दन उड़ाने की भी कही। यही नहीं पीड़ित पक्ष के ही एक युवक को पकड़कर पीटते हुए हवालात में डाल दिया गया, जिससे बाल्मीकि समाज में रोष फैल गया और भीड़ ने कोतवाली में घुसकर हंगामा किया।
--------------
-- मीडियाकर्मियों से उलझ पड़े सीओ
कोतवाली प्रभारी छोटे सिंह से नोकझोंक कर रहे बाल्मीकि समाज के लोगों की कवरेज कर रहे मीडिया कर्मियों से सीओ उलझ पड़े। तैश में आकर कैमरे बंद करने के लिए कहने लगे। सीओ ने मीडियाकर्मियों से यहां तक कहा, कि वे मामले का निपटारा नहीं होने दे रहे।
--------------
-- सफाईकर्मियों की हड़ताल, मंगलवार को कोतवाली भरेंगे
अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष राजकुमार बिरला ने कहा, कि जब तक कोतवाल को नहीं हटाया जाता नगर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह से ठप रहेगी। मंगलवार को कोतवाली परिसर को गंदगी से भरा जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया, कि कोतवाल ने पूरे बाल्मीकि समाज को अपमानित किया है। उन्होंने कहा, कि किसी भी सरकार में बाल्मीकि समाज को अपमानित नहीं किया गया, लेकिन भाजपा सरकार में उन्हें अपमानित होना पड़ रहा है।
-------------
-- आरोपी को गिरफ्तार कर लिया
पीड़ित छात्रा के परिजनों की सूचना पर तुरंत पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी युवक को पुलिसकर्मी जैसे ही कोतवाली लेकर पहुंचे, तो कुछ युवकों ने उसे पुलिसकर्मियों से छीनने का प्रयास किया। मैंने किसी को भी अपमानित करने वाली कोई बात नहीं कही।
-- छोटे सिंह, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक, बेहट