सपा नेता संतू के आवास पर मौजूद मानिकपुर विधायक आरके सिंह पटेल
- फोटो : अमर उजाला
सपा नेता के पुत्र और रेलवे गेटमैन के अपहरण की जानकारी होते ही सपा नेता के घर सांसद, विधायक से लेकर तमाम नेताओं और पुलिस अफसरों का जमावड़ा लग गया। सभी घटना के बारे में पूछताछ कर पीड़ित परिजनों को ढांढस बंधा रहे थे। घटना के बाद से अपहृत विजय की मां और परिजनों के आंसू नहीं थम रहे हैं। उधर रेलवे गेटमैैन के परिजन भी इलाहाबाद से मानिकपुर आकर सपा नेता से मिले। सभी ने दोनों के सकुशल वापस आने की प्रार्थना कर रहे हैं।
पुलिस विभाग के एडीजी एसएन सावंत ने डीआईजी ज्ञानेश्वर तिवारी के साथ सपा नेता के आवास पहुंचे। इसके बाद पुलिस अधीक्षक प्रताप गोपेंद्र सिंह को लेकर टिकरिया स्टेशन और रेलवे क्रासिंग पहुंचे। लगभग दो घंटे तक पूरी घटना की जांच पड़ताल करने के बाद क्रासिंग के पास दो पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई है, जो नियमित गश्त करेंगे। एडीजी ने पत्रकारों को बताया कि दो का अपहरण डकैतों ने किया है। इसमें बबुली कोल गैंग का नाम आया है और फिरौती भी मांगी गई है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर कार्रवाई कर रही है। जल्द ही दोनों को सकुशल छुड़ाया जाएगा।
शाम को सांसद भैरों प्रसाद मिश्र, भाजपा विधायक आरके सिंह पटेल और सपा जिलाध्यक्ष अनुज सिंह यादव ने भी सपा नेता के आवास पर पहुंचकर ढांढस बंधाया। मानिकपुर विधायक ने एसपी से पूरी घटना में पुलिस कार्रवाई की जानकारी लेकर जल्द से दोनों को छुड़ाने के प्रयास करने को कहा है।