चित्रकूट। शादी तय होने के दौरान ही युवती की जहरीला पदार्थ पीने से मौत हो गई। जिसे लेकर मृतका के भाई ने तीन लोगों पर जबरन जहर पिलाकर मार डालने का आरोप लगाया। आरोपियों में मृतका का प्रेमी और दो रिश्तेदार शामिल हैं। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कही है।
जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के अमानपुर की इंटर पास 18 वर्षीय युवती का तेजीपुर गांव के स्वजातीय युवक से ही प्रेम प्रसंग चल रहा था। मृतका के भाई ने बताया कि इसके चलते बहन का विवाह उसी युवक से तय करने की बातचीत की गई लेकिन दहेज आदि व कुछ कारणों से पूरी बात नहीं बन पा रही थी। आरोप लगाया कि मंगलवार की रात को उसी प्रेमी ने अमानपुर में रहने वाले रिश्तेदार पिता-पुत्र के साथ उसकी बहन को बगीचे में बुलाया। उसी दौरान कुछ कहा सुनी होने पर प्रेमी ने उसकी बहन को जहरीला पदार्थ पिला दिया। कुछ देर बाद उसकी हालत बिगड़ने पर तीनों भाग गए।
मृतका के भाई ने यह भी बताया कि घटना के बाद वही प्रेमी उसके घर आकर बताया कि उनकी बहन ने बगीचे में जहर पी लिया है। जानकारी होते ही सभी रात को वहां पहुंचे और उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर उसे इलाहाबाद रेफर किया गया। रास्ते में उसकी मौत हो गई। इसके बाद बुधवार को मृतका के भाई ने तीन के खिलाफ बहन की हत्या करने की तहरीर दी है। सीतापुर चौकी प्रभारी शेषमणि त्रिपाठी ने बताया कि मामला कुछ संदिग्ध भी है। इसलिए पोस्टमार्टम की रिपोर्ट और कुछ लोगों से पूछताछ के बाद ही रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। जिसकी जांच की जा रही है। मृतका चार भाइयों के बीच अकेली बहन थी।