अमर उजाला फालोअप
चित्रकूट। सराफा व्यापारी की हत्या मामले में बुधवार को मृतक के परिजनों ने कोतवाली में जांच अधिकारी से लेकर कोतवाल से बातचीत की। सभी ने आरोपियों को जल्द जेल भेजकर शस्त्र लाइसेंस की मांग की। वहीं इस मामले में पकड़े गए नामजद आरोपी मृतक के रिश्तेदार कुलदीप ने सुपारी देकर हत्या कराने की बात को सिरे से नकारा है। पुलिस आपसी रंजिश के अलावा टिटिहरा के एक व्यक्ति का नाम आने पर उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है। पुलिस का मानना है कि इसके दबोचे जाने से हत्याकांड का खुलासा होगा।
सोमवार को शहर के श्ंाकरगंज में घर जा रहे सराफा व्यापारी की गोली मारकर हत्या मामले में मृतक के घर सांत्वना देने को आने वालों का तांता लगा रहा। मृतक के परिजनों ने बुधवार को कोतवाली जाकर पुलिस कार्रवाई की जानकारी ली और जांच अधिकारी को कई अन्य तथ्य भी बताए। मृतक की मां चंदा देवी व भाई हरिशचंद्र ने कहा कि उसके परिवार के ही कुछ लोग उनकी हत्या कराने की साजिश कर रहे थे। उधर नामजद होने के बाद पकड़े गए आरोपी कुलदीप सोनी व उसके परिजनों ने बताया कि इस हत्याकांड में उनका कतई हाथ नहीं है। पारिवारिक विवाद जरूर है लेकिन किसी को सुपारी देकर हत्या नहीं कराई है। जिसकी जांच में सब सामने आ जाएगा।
विज्ञापन
कहीं लेनदेन का मामला तो नहीं
चित्रकूट। इस मामले की गुत्थी उलझने भी लगी है। पुलिस पूरे मामले में एक नया प्वाइंट दुकानदार का किसी से बड़ा लेनदेन को लेकर भी जांच कर रही है। पुलिस का मानना है कि अक्सर सराफा की दुकान में कुछ गड़बड़ी भी होती है लेकिन अभी इस पर कुछ कहना जल्दबाजी होगी। जो भी हत्यारे हैं उन्हें जेल भेजकर कडी सजा दिलाई जाएगी। मृतक के परिजनों को पुलिस न्याय दिलाएगी।
भयभीत हैं सिंह बंधु
चित्रकूट। हत्याकांड में एक हत्यारोपी को तमंचा समेत दबोचने वाले शंकर बाजार निवासी सुशील कुमार सिंह व उनके भाई प्रवीण सिंह ने बताया कि उन्हें हर पल खतरा लगता है। मोहल्ले में हत्याकांड के बाद से पुलिस गश्त सिर्फ दिखावटी हो रही है। हत्या के दिन भी यूपी 100 नहीं पहुंची और अब भी बस एक चक्कर लगाकर वाहन निकल जाता है। जिस कारण मृतक छोटेलाल सोनी को ई रिक्शा पर अस्पताल ले जाना पड़ा था।