हत्या के बाद लोगों ने लगाया जाम।
- फोटो : अमर उजाला
अवैध खनन व ढुलान में विभागीय सहयोग के अलावा पुलिस की सांठगांठ की अक्सर शिकायतें मिलती रहीं हैं। रविवार को सोशल मीडिया पर एक ऑडियो क्लिप वायरल हुई, इसमें सीओ सिटी के हमराही सिपाही पर ठेकेदार के अवैध बालू लदे दो ट्रक पकड़े जाने पर 30-40 हजार रुपये की मांग की जा रही है। ठेकेदार 25 हजार में दोनों ट्रक छोड़े जाने की बात कह रहा है, जबकि सिपाही दोनों के बदले में साहब के नाम पर 50 हजार तक की मांग कर रहा है।
पूरे जिले में कई साल से अवैध खनन व ढुलान की शिकायतों पर खनिज विभाग के साथ ही पुलिस विभाग ने भी समय-समय पर कार्रवाई की है। कई बार पुलिस अधिकारियों पर खनन करने वालों को शह देकर अवैध वसूली के आरोप लगे। हाल ही में जिलाधिकारी की सख्ती के बाद अवैध खनन पर रोक तो लगी है। लेकिन यदा कदा यह जारी भी है। पुलिस अधीक्षक डीपी सिंह ने इसी अवैध वसूली की शिकायत पर डेढ़ दर्जन सिपाहियों को निलंबित व लाइन हाजिर भी कर चुके हैं लेकिन अभी भी यह कहीं कहीं बदस्तूर जारी है।
रविवार को एक आडियो क्लिप ने इसे तेज हवा दी। इसमें बालू लदे ट्रक मालिक व सीओ सिटी के एक हमराही की वार्ता लेनदेन को लेकर हो रही है। ऑडियो क्लिप के अनुसार दो मप्र क्षेत्र से आ रहे दो बालू लदे ट्रक पकड़े गए थे। इसमें सीओ कार्यालय का सिपाही ट्रक मालिक से कहता है कि एक ट्रक को छुड़वाने के लिए 30-40 हजार लगेंगे। यह साहब का कहना है। ट्रक मालिक ने कहा कि दोनों ट्रक के बदले में 25 हजार ले लो लेकिन सिपाही कहता है कि बात नहीं बनेगी। इस मामले में अपर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि आडियो वायरल की जानकारी मिली है। जिसकी जांच की जा रही है। बिना जांच अभी कुछ कह पाना मुश्किल है।