आधा दर्जन बदमाशों ने शुक्रवार रात थानाक्षेत्र के गांव खिचरी व बेलहापुरवा में जमकर उत्पात मचाया। प्रधान पति समेत चार लोगों को पीटकर दो लाख रुपये की मांग की और धमकी देकर भाग गए। इस मामले में प्रधान ने प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक समेत अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
शुक्रवार देर रात असलहाधारी आधा दर्जन बदमाश खिचरी गांव में घुस आए और घर के बरामदे में सो रहे रामबाबू पुत्र कृष्णपाल कोल को जगाकर प्रधान के घर चलने को कहा। रामबाबू ने मना किया, तो उसकी पिटाई कर जबरन प्रधान के घर ले गए और प्रधान पति को बाहर बुलाया।
प्रधान पति मुकुंदलाल जैसे ही बाहर निकला, बदमाशों ने उसे घेरकर दो लाख की मांग की। प्रधानपति ने कहा कि अभी उसके पास रुपये नहीं हैं लेकिन बेलहा पुरवा में दुकानदार रामनरेश पुत्र चुन्ना के घर से रुपये लाकर देगा। बातचीत के दौरान मौका मिलते ही प्रधान पति भाग निकला।
प्रधान पति के भागने के बाद भड़के बदमाश उनके बड़े भाई मुुनुआ को जबरन बेलहा पुरवा में दुकानदार रामनरेश के घर ले आए। जब दुकानदार ने दरवाजा नहीं खोला, तो बदमाशों ने खिड़की तोड़ दी और अंदर घुस गए। दुकानदार रामनरेश से प्रधान पति के दो लाख रुपये देने को कहा लेकिन उसने मना कर दिया। जिस पर बदमाशों ने दुकानदार को भी पीटा। पिता की चीख सुनकर दुकान से सटे घर में सो रही बेटी मनीषा बचाने आई, तो बदमाशों ने उसे भी पीटकर भगा दिया।
इधर, खिचरी व बेलहापुरवा में बदमाशों के उत्पात की जानकारी होने पर तमाम ग्रामीण लाठी, डंडे लेकर एकत्र होने लगे। यह देखकर बदमाशों ने सभी को छोड़ दिया और प्रधान पति को तीन दिन के अंदर दो लाख पहुंचाने की धमकी देकर भाग निकले।
जानकारी होते ही एसपी केके चौधरी के निर्देश पर मानिकपुर थानाध्यक्ष आरबी सिंह, मारकुंडी थानाध्यक्ष साजिद खान टीम के साथ मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक बदमाश भाग चुके थे। सभी घायलों को सीएचसी मानिकपुर में भर्ती कराया गया।
शनिवार सुबह प्रधान मुन्नी देवी ने पूरे मामले में प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक इंद्रानगर मानिकपुर निवासी रामचंद्र पुत्र माताबदल व खिचरी के दयाराम कोल पुत्र लखन समेत आधा दर्जन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पाठा क्षेत्र में बदमाशों द्वारा रुपयों के लिए प्रधान व ठेकेदारों को पीटने की घटना पहले भी हुई है। इसलिए शुक्रवार रात तक सभी इसे डाकू बबुली कोल, लवलेश या गौरी यादव गैंग की वारदात समझ रहे थे लेकिन शनिवार को प्रधान मुन्नी देवी व प्रधान पति मुकुंदलाल ने पुलिस को बताया कि यह हमला प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक ने कराया है।
आरोप लगाया कि एक माह पहले विद्यालय में मिडडे मील की गुणवत्ता को लेकर प्रधान पति व शिक्षक के बीच नोकझोंक हुई थी। इसी का बदला लेने के लिए शिक्षक रामचंद्र ने अज्ञात बदमाशों के साथ मिलकर प्रधान पति की पिटाई की।
थानाध्यक्ष आरबी सिंह ने कहा कि घायलों को इलाज के बाद घर भेज दिया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। बदमाशों के किसी सूचीबद्ध गैंग से संबंध की पुष्टी नहीं हुई है। छोटे, मोटे बदमाश होने की संभावना है।