मानिकपुर(चित्रकूट)। दरभंगा- पुणे एक्सप्रेस की एक बोगी में अचानक धुएं के बाद आग की कुछ लपटें देखकर यात्रियों में हड़कंप मच गया। जानकारी होते ही आनन-फानन में ट्रेन को मानिकपुर जंक्शन में रोकी गई। ट्रेन रुकते ही यात्रियों में बाहर निकलने की होड़ लग गई। तकनीकी विशेषज्ञों ने आधे घंटे में बोगी के ब्रेक में आई खराबी को दुरुस्त कर ट्रेन आगे रवाना कराई। किसी तरह की जनहानि या अन्य नुकसान नहीं हुआ है।
जानकारी के अनुसार शनिवार की सुबह 11034 अप दरभंगा- पुणे एक्सप्रेस गोरखपुर की ओर से पुणे जा रही थी। जैसे ही इलाहाबाद से ट्रेन आगे चली तो स्पीलर के बोगी नंबर- छह में बैठे यात्रियों ने धुआं व आग की कुछ लपटें देखी तो चिल्ला उठे। जिसकी जानकारी टीटीई के माध्ययम से गार्ड व चालक को दी गई। इसी बीच ट्रेन को आपातकालीन स्थिति में मानिकपुर जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर एक पर रोका गया। (गौरतलब है कि इस ट्रेन का स्टापेज मानिकपुर में नहीं है)
सुबह नौ बजकर 31 मिनट पर ट्रेन रुकते ही घबराए यात्री सामान लेकर प्लेटफार्म पर तेजी से उतरने लगे। जानकारी होने पर एस- 5 व एस- 7 के भी यात्री प्लेटफार्म पर उतर आए। अफरा तफरी के माहौल में कुछ यात्री गिरकर मामूली चुटहिल भी हुए। सूचना मिलने पर स्टेशन की तकनीकी विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुंची। लगभग आधे घंटे में तकनीकी टीम ने आग को बुझाकर यात्रियों को बताया कि अब कोई खतरा नहीं है। टीम के जेई हरीश यादव ने बताया कि बोगी एस- 6 के ब्रेक ब्लॉक में कुछ खराबी आई थी। जिससे ब्रेक लगाते ही ब्रेक शू में घर्षण के बाद आग की चिंगारी निकली थी और कुछ तारें सुलग रहीं थीं। समय रहते ही इसे नियंत्रित कर लिया गया। वैसे भी इससे ज्यादा आग फैलने का खतरा नहीं रहता। इसके बाद ट्रेेन नौ बजकर 54 मिनट में रवाना की गई तब जाकर यात्रियों ने राहत की सांस ली।