चित्रकूट।आषाढ़ माह की शनिचरी अमावस्या में लाखों श्रद्धालुओं ने मंदाकिनी नदी में डुबकी लगाकर भगवान कामता नाथ के दर्शन किए। सुदूर क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं ने अच्छी बारिश होने की कामना की ताकि खरीफ की फसल की बुआई कर सकें। इसके बाद पंचकोशी परिक्रमा कर विभिन्न तीर्थ स्थानों के दर्शन किए।
कामदगिरी की परिक्रमा करने को एक दिन पहले से ही श्रद्धालु बड़ी संख्या में तीर्थ धर्मनगरी में विभिन्न साधनों से पहुंचने लगे थे। प्रात: काल मंदाकिनी नदी में डुबकी लगा मत्यगजेंद्र नाथ मंदिर में जलाभिषेक किया। भगावान कामता नाथ दरबार में पहुुंचकर दर्शन किया। जहां प्रार्थना किया कि इस वर्ष अच्छी बारिश हो। दर्शन करने के बाद पंचकोशी परिक्रमा की। परिक्रमा मार्ग में पड़ने वाले तीर्थ स्थानों सहित जानकीकुंड़, स्फटिक शिला, भरतकूप आदि तीर्थ स्थलों के दर्शन किया।
अमावस्या मेला में श्रद्धालुओं की व्यवस्था के लिए जिलाधिकारी शिवाकांत द्विवेदी के निर्देश पर मजिस्ट्रेटाें की तैनाती की गई। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस अधीक्षक प्रताप गोपेंद्र सिंह ने थानाध्यक्षों व पुलिस कर्मियों की विभिन्न स्थानों पर ड्यूटी लगाई। दोनों अधिकारियों ने तीर्थ क्षेत्र का भ्रमण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। मेले के दिन तेज गर्मी होने पर जगह-जगह पानी की उपलब्धता की जानकारी अधिकारी लेते रहे। रेलवे विभाग ने मेला स्पेशल ट्रेेन चलाई। रोडवेज विभाग ने भी अलग से दो दर्जन बसें चलवाई।