कई दिन से लगातार क्षेत्र में घूम रहे बबुल कोल गैंग का एक सदस्य शुक्रवार रात पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पकड़ा गया बदमाश अपने एक साथी के साथ खेतों की रखवाली कर रहे किसानों को बेवजह पीट रहा था।
किसानों के चिल्लाने की आवाज सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने बदमाशों को दौड़कर पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। तब जानकारी हुई कि एक बदमाश गैंग का सदस्य है। एसपी ने ग्रामीणों की हिम्मत की तारीफ की है।
मारकुंडी थाना क्षेत्र के डोडामाफी गांव के मुन्नीलाल (50) व संतोष कोल (40) शुक्रवार की रात को अपने खेतों की रखवाली करने के लिए वहीं चारपाई डालकर सो रहे थे। उन्होंने बताया कि देर रात शराब के नशे में दो लोग आए और गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से उनकी पिटाई शुरू कर दी। उनके चिल्लाने की आवाज सुनकर गांव के लोग लाठियां लेकर खेत पर पहुंचे।
ग्रामीणों को देखकर दोनों भागने लगे। इसपर गांव के लोगों ने उन्हें घेरकर पकड़ लिया। पकड़े गए एक युवक इंद्रजीत उर्फ ठोकिया कोल पुत्र प्रभुदयाल निवासी डोडा माफी व रामभवन कोल पुत्र बोधीलाल निवासी बांध भीतर किहुंनिया हैं। ग्रामीणों ने दोनों को डंडों से जमकर पिटा और रस्सी से बांधकर पुलिस को सूचना दी।
जानकारी होते ही शनिवार की सुबह एसपी केके चौधरी व मारकुंडी थानाध्यक्ष साजिद खान गांव पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने पूछताछ के बाद बताया कि पकड़े गए युवकों में ठोकिया कोल ढाई लाख के इनामी डकैत बबु़ली कोल गैंग का सदस्य है।
वह पुलिस मुठभेड़ में भी शामिल रहा है। उसका रिकार्ड खंगाला जा रहा है। एसपी ने ग्रामीणों के हौसले की तारीफ की, कहा उनकी हिम्मत से एक बदमाश पुलिस के हाथ लग गया।