भरतकूप(चित्रकूट)। अवैध बालू खनन की सूचना पर जिला प्रशासन ने पुलिस को सूचना दिए बगैर छापेमारी की। टीम के पहुंचते ही बालू ढुलान कर रहे लोगों में हड़कंप मच गया। कई लोग तो मौके से भाग निकले लेकिन खनिज अधिकारी व एसडीएम ने दो पोकलैंड मशीन व बालू बरामद की है। दोनों वाहन चालकों को पुलिस के हवाले किया गया है। इसके बाद एक स्थान पर डंप भारी मात्रा में बालू मिलने पर सीज किया गया।
चौकी क्षेत्र के करारी घाट पर मशीनोें से अवैध बालू खनन ढुलान की सूचना पर एसडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह व जिला खनिज अधिकारी मिथलेश पांडेय ने संयुक्त रूप से छापेमारी की। सोमवार की देर रात को अचानक अधिकारियों का छापा पड़ते ही हड़कंप मच गया। सभी इधर उधर भागने लगे। बालू लदे वाहन लेकर भी चालक भागे लेकिन मौके से टीम ने दो चालक समेत पोकलैंड मशीन व भारी मात्रा में बालू बरामद की है। इसके बाद कुछ दूरी पर धौरही गांव के पास लगभग 70 ट्रैक्टर डंप बालू को सीज किया।
जिला खनिज अधिकारी ने बताया कि दो पोकलैंड के चालक प्रमोद अतर्रा व हरीमोहन छतरपुर को वाहन समेत भरतकूप पुलिस के हवाले किया गया है। डंप बालू का कोई वारिस न मिलने पर सीज कर खनिज अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस सूचना न देने के पीछे के कारण पर जिला खनिज अधिकारी ने बताया कि अचानक छापा मारने की योजना थी इसलिए पुलिस को नहीं बताया गया था।
अवैध बालू लदे दो ट्रक पकड़े
भौंरी। थाना मारकुंडी प्रभारी जयनारायण ने इटवा गांव के बगदहरा मोड़ पर अवैध बालू से भरा ट्रैक्टर पकड़ा है। इस मामले में चालक बबली निवासी इटवा को गिरफतार किया गया है। वहीं रैपुरा थाना के एसआई केशरी प्रसाद यादव ने क्षेत्र के बोड़ी पोखरी चौराहे से अवैध बालू ले जाते समय एक ट्रक को पकड़ा है। इस मामले में चालक रामबाबू निषाद निवासी नन्दा का पुरवा थाना सरायं अकिल जिला कौशाम्बी व राघवेन्द्र पुत्र श्यामदत्त निवासी प्रतापपुर जिला इलाहाबाद के खिलाफ खनिज अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।