राजापुर (चित्रकूट)। शार्टसर्किट से थाना क्षेत्र के अर्की गांव खुटी पुरवा में तीन किसानों की खलिहान में रखी फसल राख हो गई। जिसमें दस बीघे की फसल का नुकसान हुआ। इसी क्रम में सुरसेन गांव के एक किसान के घर में आग लगने से हजारों की गृहस्थी जल गई।
अर्की गांव के खुटीपुरवा में एक खलिहान के ऊपर से हाई टेंशन का तार निकला है। सोमवार की दोपहर को हवा चलने से तारों में शार्टसर्किट से निकली चिंगारी खलिहान मेें रखी फसल में जा गिरी। जिससे कुछ देर बाद ही आग की लपटें निकलने लगीं। दो घंटे के प्रयास के बाद ग्रामीणों ने किसी तरह से आग बुझाई। जानकारी होने पर स्थानीय लेखपाल ने मौके पर जाकर नुकसान का जायजा लिया। आग से किसान रामलाल, जियालाल और ननका की फसल राख हुई।
इसके अलावा थाना क्षेत्र के सुरसेन गांव में रविवार की रात को अज्ञात कारणों के चलते किसान बोड़ी लाल के घर में आग लग गई। जिससे घर सहित हजारों रुपये की गृहस्थी जल गई। सोमवार को एसडीएम दुर्गेश मिश्र ने पीड़ित बोड़ी लाल को छह हजार 770 रुपये का राहत चेक दिया गया है।
पुराने सीएमओ कार्यालय के पास लगी आग
चित्रकूट। सोमवार की दोपहर को मुख्यालय के पुरानी बाजार स्थित पुराने सीएमओ कार्यालय के मलेरिया विभाग भवन के पास अज्ञात कारण के चलते आग लग गई। जानकारी होते ही फायर बिग्रेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया। सीएमओ डॉ.रामजी पांडेय ने बताया कि आग से किसी तरह का सरकारी फाइलों का नुकसान नहीं हुआ है।
सिर्फ एक दरवाजा जल गया है। समय रहते सब बचा लिया गया। गौरतलब है कि एक माह के अंदर इस कार्यालय के पास दूसरी बार आग लगी है। अब यह कार्यालय शिफ्ट हो गए हैं लेकिन विभागीय कुछ रिकार्ड यहां रखे हैं।