घायल दूल्हे के पिता व अन्य बाराती
- फोटो : अमर उजाला
जनवासे से निकली बारात रास्ते में रोककर ग्रामीणों ने बैंडबाजा बंद करने को कहा। विरोध करने पर ग्रामीणों ने दूल्हे के पिता, भाई समेत आधा दर्जन बारातियों को लाठियों से जमकर पीटा। महिलाओं ने भी पथराव किया। पिटे बारातियों ने बीस हजार रुपये, मोबाइल लूटने का आरोप लगाकर कोतवाली में तहरीर दी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अपनी मौजूदगी में फेरे कराए।
कोतवाली क्षेत्र के कुचारम निवासी लक्ष्मण के पुत्र सोहन की बारात भैसौंधा के लल्लू प्रजापति के यहां आई थी। शाम को जनवासे से बारात उठी और बैंडबाजे पर बाराती नाचते हुए विवाह स्थल की ओर जाने लगे, तभी रास्ते में लाठी लेकर कुछ ग्रामीण ने घेर लिया और बैंडबाजा बंद कर बारात वापस ले जाने को कहा। इस पर दोनों पक्ष में कहासुनी होने लगी। दूल्हे के पिता लक्ष्मण ने बताया इसी दौरान पास के घर से कुछ महिलाओं ने पथराव कर दिया और फिर बारातियों को लोग लाठियों से पीटने लगे।
जिसमें लक्ष्मण समेत उनका पुत्र मोहन, शिव नरेश, भैरों निवासी ओरन, मेघनाथ पुत्र जागेश्वर, शिवगोपाल, राम गोपाल पुत्र वंशगोपाल निवासी कुचारम घायल हो गए। घटना की सूचना पर शिवरामपुर पुलिस मौके पर पहुंची और दूल्हे समेत बारातियों को सुरक्षित दुल्हन के घर ले गई। पुलिस की मौजूदगी में फेरे कराए गए। गुरुवार की सुबह कोतवाली पहुंचे पिटे बारातियों ने कुचारम निवासी नंदू, ललित, जगतपाल, गोेमती और मालती के खिलाफ तहरीर दी। आरोप लगाया कि बीस हजार रुपये व चार मोबाइल भी आरोपियों ने लूटे हैं। कोतवाल सत्यपाल सिंह ने बताया रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
एक आरोपी को पकड़ा गया है। मामले की जांच की जा रही है। पहली जानकारी के अनुसार आरोपी दुल्हन पक्ष के रिश्तेदार हैं। पुरानी रंजिश के चलते शादी में खलल डालने का प्रयास किया गया है।