युवक की मौत के मामले में पुलिस से कार्रवाई की मांग करते लोग।
- फोटो : अमर उजाला
नजीबाबाद में एक सोडा प्लांट में गाजियाबाद के एक कंपनी के सेल्स एग्जीक्यूटिव की करंट की चपेट में आकर मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने पुलिस को दी तहरीर में कंपनी मालिक और मैनेजर पर हत्या का आरोप लगाया है। उधर, मिल प्रबंधन ने आरोप को निराधार बताते हुए अकस्मात घटना में युवक की मौत होने की बात बताई। पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
गाजियाबाद की हिमटैक्स इंजीनियरिंग कंपनी का सेल्स एग्जीक्यूटिव मोनू पाल नजीबाबाद की सी-बेवरेजेज सोडा प्लांट के लिए आरओ सिस्टम लगाने आया हुआ था। कंपनी प्रतिनिधियों के मुताबिक जुलाई को दोपहर काम करते समय उसे करंट लगा, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। इस घटना की सूचना मिलने के बाद सीओ एवं स्थानीय पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर शव का पोस्टमार्टम कराया। सेल्स एग्जीक्यूटिव मोनू पाल के परिजनों ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर उसकी हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर थाने पहुंचे। मृतक के पिता की ओर से पुलिस को तहरीर सौंपी गई। पुलिस को दी तहरीर में मोनू पाल का फैक्ट्री मालिक और प्रबंधक से झगड़ा होने की बात कहते हुए दोनों पर उसकी हत्या करने का आरोप लगाया गया। उधर, फैक्ट्री के प्रबंधक ने बताया कि गाजियाबाद की कंपनी की ओर से आरओ प्लांट लगाने आए सेल्स एग्जीक्यूटिव की करंट लगने से मौत हुई है। उन्होंने घटना को अकस्मात बताते हुए आरोप निराधार होने की बात कही। उधर, एसएसआई नीरज मलिक ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर जांच एवं कार्रवाई की बात कही।