मारकुंडी के जंगल में कांबिंग करते पुलिस अधीक्षक।
- फोटो : अमर उजाला
सवा पांच लाख के इनामी डाकू बबुली कोल गैंग ने कोटेदार को पत्र भेजक र एक लाख की रंगदारी मांगी है। तीन दिन के भीतर रकम न पहुंचाने पर जान से मारने की धमकी दी है। पत्र मिलते ही भयभीत कोटेदार परिवार के साथ पुलिस को सूचना देने पहुंचा।
जारोमाफी के कोटेदार सिया देवी पत्नी राम सजीवन ने बताया कि शनिवार को करौंहा गांव का एक युवक उनके घर आया और एक पत्र देकर कहा कि किसी ने कोटेदार को देने को कहा है और पत्र देकर वह चला गया।
जैसे की पत्र कोटेदार के पति ने पढ़ा तो होश उड़ गए। उसने बताया कि छेरिहा खुर्द गांव के कोटे की निलंबित दुकान भी उनकी दुकान से संबद्ध है। पत्र मेें डाकू बबुली के लैटर पैड में लिखा है कि दोनों दुकान का कोटा उसके पास है।
एक दुकान का 50 हजार के हिसाब से दो दुकान का एक लाख रुपये तीन दिन के अंदर पहुंचा दे। कोटेदार के पति ने बताया कि पत्र में धमकी के लहजे में लिखा है कि इस मोबाइल नंबर पर बात कर रुपये पहुंचाओ अन्यथा जान से हाथ धो बैठोगे।
पत्र पढ़ने के बाद कोटेदार का परिवार मारकुंडी थाने पहुंचा है। पुलिस अधीक्षक डीपी सिंह ने बताया मामला जानकारी मेें आया है। थानाध्यक्ष से जांच कर कार्रवाई कराने को कहा गया है। गौरतलब है कि अभी एक दिन पूर्व ही डाकू बबुूली कोल गैंग ने छेरिहा खुर्द गांव के जंगल में आधा दर्जन ग्रामीणों को लाठियों से पीटकर दहशत फैलाई थी।