पहले घर में घुसकर पीटा, अब जान से मारने की धमकी दी
अमर उजाला ब्यूरो
चित्रकूट। घर व मवेशी बाडे़ के पास पटाखे छोड़ाने से मना करने पर गांव के चार युवकों ने पीड़ित के घर में घुसकर पत्नी पुत्री समेत चार लोगों को कुल्हाड़ी व डंडे से मारा। आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद भी पीड़ित को जान से मारने की धमकी मिल रही है। जिससे पीड़ित परिवार पुलिस अधिकारियों की चौखट पर न्याय पाने के लिए भटक रहा है।
शहर से सटे रगौली गांव के अरुण कुमार पुत्र गोविंद ने बताया कि दिवाली के दिन गांव के भवानीदीन पुत्र शिवगोविंद अपने तीन पुत्र मंधीर, सुनील व रजनीश के साथ उनके घर के सामने पटाखे छोड़ रहे थे। दो बम उनकी छत पर और फिर पशु बाड़े में फेंके गए। यह देखकर उन्हें मना किया तो पिता पुत्रों ने कुल्हाड़ी व डंडे लेकर उनके घर के अंदर घुस आए। सभी को मारपीट कर गाली देते हुए भाग निकले। कोतवाली में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज होने के बाद अब आरोपी उनके परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। जिससे उनका परिवार भयभीत है। शनिवार को सदर कोतवाली आकर फिर पूरी घटना बताई। कोतवाल अनिल सिंह ने बताया कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ा जाएगा।